बलिया में मंगलवार को अवैध अतिक्रमण हटाने गई टीम को लोगों ने दौड़ा लिया। बुलडोजर और राजस्व टीम पर पथराव कर दिया। ड्राइवर बुलडोजर लेकर मौके से भागा। पहले तो पुलिस ने खुद ईंट-पत्थर चलाकर मोर्चा संभाला। लेकिन हालात जब बेकाबू होने लगे तो एक कंपनी पीएसी यानी करीब 150 जवान बुलाए गए। पीएसी ने लोगों को खदेड़ने के लिए उन पर आंसू गैस के गोले छोड़े। करीब डेढ़ घंटे तक हंगामा चला। हालात सामान्य होने के बाद प्रशासन के अधिकारियों ने अवैध रूप से बने दो मकानों को बुलडोजर से ढहा दिया। कार्रवाई के दौरान अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पूरा मामला खेजूरी थाना क्षेत्र के हाथोज गांव का है। हंगामे की तस्वीरें देखिए अब समझिए पूरा मामला… दरअसल, हाथोज गांव के सिद्धार्थ रंजन राय पुत्र सुनील कुमार राय ने गांव में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण को लेकर फरवरी, 2024 में हाईकोर्ट में याचिका लगाई थी। कोर्ट ने दिसंबर, 2024 को मामले की सुनवाई के बाद अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया था। अफसरों का कहना है कि गांव में 2000 से ज्यादा हैं। अतिक्रमण की जद में गांव के राम गोविंद और राम बचन के मकान आ रहे थे। दोनों लोगों को 15 दिन पहले अतिक्रमण हटाने का नोटिस दिया गया। मंगलवार दोपहर सिकंदरपुर तहसील की तरफ से तहसीलदार देवेंद्र नाथ पाण्डेय, नायब तहसीलदार सीपी यादव, कानूनगो राजेश सिंह, लेखपाल अमित राय अतिक्रमण हटवाने पहुंचे। उनके साथ पांच थानों की फोर्स थी। साथ में एक बुलडोजर भी टीम लेकर गई। चिन्हित किए गए दोनों मकान को जैसे ही बुलडोजर से ध्वस्त करने का काम शुरू हुआ तो गांव के लोग भड़क गए। 50 से ज्यादा लोग बुलडोजर का विरोध करने लगे। देखते ही देखते भीड़ आक्रोशित हो गई और बुलडोजर पर हमला कर दिया, जिससे उसका शीशा टूट गया। पुलिस ने मोर्चा संभाला स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पहले से तैनात पांच थानों की फोर्स ने मोर्चा संभाला। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को कई राउंड आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। इसके बावजूद, विरोध जारी रहा और हालात बिगड़ने पर पीएसी बुलानी पड़ी। भीड़ ने पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा और हालात को नियंत्रण में लिया। कड़ी मशक्कत के बाद प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी की। इस दौरान करीब डेढ़ घंटे तक हंगामा होता रहा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने घरों में घुसकर मोटरसाइकिल, बिजली के उपकरण और घरों के शीशे तोड़ दिए। इसके साथ ही महिलाओं सहित सभी को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया है। एएसपी दिनेश कुमार शुक्ल ने बताया- हंगामे के दौरान लोगों को शांत कर कार्रवाई पूरी की गई है। टीम पर पथराव करने के आरोप में लेखपाल अमित राय की तहरीर पर कुछ लोगों पर केस दर्ज किया जा रहा है। वीडियो देखकर लोगों की पहचान कर संख्या बताई जाएगी। ———– ये खबर भी पढ़ें ‘सांसद इकरा गुर्जर से शादी कर लें, हलाला नहीं होगा’:शामली में संत बोले- तीन तलाक से भी बच जाएंगी यूपी में कैराना से सपा सांसद इकरा हसन पर एक बार फिर विवादित बयान दिया गया। शामली में गौरी शंकर गौशाला के स्वामी राम विशाल दास ने कहा, सांसद इकरा हसन को किसी गुर्जर से शादी कर लेनी चाहिए। इससे वो तीन तलाक और ससुर के हलाला से बच जाएंगी। स्वामी राम विशाल हिंदू सम्मेलन में बोल रहे थे। मामला 31 जनवरी का है। वीडियो आज, मंगलवार को सामने आया है। पूरी खबर पढ़ें