उदाकिशुनगंज में रविवार को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के संस्थापक कांशीराम की 92वीं जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित अंबेडकर पार्क में जयंती समारोह का आयोजन किया गया। साथ ही बसपा कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा निकालकर लोगों को सामाजिक समानता और अधिकारों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम की शुरुआत अंबेडकर पार्क में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन करने के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित लोगों ने कांशीराम के तैलीय चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने कांशीराम के व्यक्तित्व और उनके दलित, वंचित तथा शोषित समाज के अधिकारों के लिए समर्पित जीवन पर प्रकाश डाला। बसपा के जोनल इंचार्ज रविन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में प्रखंड परिसर से एक पदयात्रा निकाली गई। इसमें सैकड़ों कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। यह पदयात्रा प्रखंड परिसर से मुख्य मार्ग होते हुए बैंक चौक, गुदरी चौक, दुर्गा मंदिर चौक, सरयुग चौक और पटेल चौक तक पहुंची। पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने “कांशीराम अमर रहें” और “बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय” जैसे नारे लगाए। उन्होंने लोगों को सामाजिक न्याय के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया। पदयात्रा के बाद जुलूस पुनः प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित अंबेडकर पार्क पहुंचा, जहां जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जोनल इंचार्ज रविन्द्र कुमार राय ने कहा कि कांशीराम ने देश के दलित, वंचित और शोषित समाज की आवाज को बुलंद किया और उन्हें अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा दी। भागलपुर एवं बांका जिले के जोनल प्रभारी रामविलास राम ने कहा कि कांशीराम के विचार और संघर्ष हमेशा समाज को प्रेरित करते रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता परमेश्वर राम ने की तथा संचालन मिथुन रंजन ने किया। इस अवसर पर अनिल कुमार राम, अब्दुल अहद, विकास चंद्र यादव, नीतीश राणा, रमेश राम, राजेन्द्र शर्मा सहित कई अन्य लोग मौजूद थे।