बहन बोली- राजा की मौत के बाद रोया था राज:सोनम की सलामती के लिए मंदिर जाता, आखिरी बार घर आया तो नए कपड़े पहने

राज भैया आखिरी बार रविवार सुबह घर आए थे। यहां उसने नए कपड़े पहने। मुझसे कहा कि सफेद शर्ट और जींस दे दो, मंदिर जाना है। इसके बाद वह मंदिर चला गया। रात करीब 11 बजे भैया से सामान्य बात हुई थी। बस इसके बाद से ही भाई से अब तक कोई बात नहीं हुई। मेरा भाई बेकसूर है, उसे फंसाया जा रहा है। राज कुशवाह की नाबालिग बहन ने रोते हुए ये बात कही। उसने कहा कि जब से भाई का नाम इस मर्डर केस में आया है, मां चुन्नी बाई (52) बदहवास है। छोटी बहन की तबीयत भी खराब हो गई है। वो उठ भी नहीं पा रही है। उसने कहा, “हम सोनम से एक बार ही मिले थे। वो ऐसा नहीं कर सकती। गरबे के समय सोनम और उसकी टीम से मुलाकात हुई थी। इसके बाद हम नहीं मिले। सोनम कभी घर पर नहीं आई। मेरा भाई कभी भी इतना बुरा नहीं सोच सकता।” मकान मालिक बोले- मोहल्ले में सिर झुकाकर चलता था
राज के मकान मालिक ने बताया, “करीब 10 साल से राज और उसके परिवार को जानता हूं। राज की तीन बहनें हैं, एक बहन गांव में और दो साथ में रहती हैं। कोरोनाकाल में उसके पिता की मौत हो गई थी। तब हम सभी ने चंदा कर उनका अंतिम संस्कार करवाया था। वो लड़का आज तक सिर उठाकर मोहल्ले में नहीं चला। सुबह काम पर जाता और शाम को घर आ जाता था। उसे देखकर कभी ऐसा लगा ही नहीं कि वो इस तरह का कदम उठा सकता है।” बहन बोली- सोनम को दीदी कहता था राज
बहन ने बताया, “भाई दो-ढाई साल से काम कर रहा था। उसे कौन फंसा रहा है, हमें नहीं मालूम। हत्या के पहले और बाद में भैया बिल्कुल नॉर्मल रहा। राजा रघुवंशी की हत्या का पता चला तब भैया बहुत रो रहे थे। मां से कहा था कि राजा का परिवार बुरी तरह परेशान है। राजा के अंतिम संस्कार में राज भैया शामिल हुए थे। हमारा भाई ऐसा कर ही नहीं सकता। वह तो सोनम दीदी की सलामती के लिए घर के मंदिर में रोज दुआ करता था। रोता भी था। कहता था कि राजा भैया की तो लाश मिल गई, लेकिन दीदी कैसी होगी। वे राजा की शव यात्रा में भी गए थे। वहां से लौटकर दो घंटे तक रोए। बोले कि लुटेरों ने ऐसी हालत कर दी कि राजा का चेहरा भी नहीं देख पाया। विशाल-आकाश राज की बहनों के राखी भाई
बहन बोली, “मैं और मेरी छोटी बहन विशाल (विक्की) और आकाश को राखी बांधते थे। वे हमें छोटी बहन जैसा ही रखते थे। बाकी दो और कौन लोग हैं, मैं नहीं जानती। सोनम से हम इतना नहीं मिले कि उन्हें ज्यादा जान सकें, पर वो ऐसा न कर सकती है ना करवा सकती है। सोनम का फोन आता था, गाड़ी भरवानी है, बिल बनाना है, इतनी बात करके फोन काट देती थी। राज भैया हमेशा सोनम को दीदी कहते थे। मेरी मम्मी तो कभी सोनम से मिली भी नहीं। वह केवल एक बार ही हमारे घर आई है।” सोनम की शादी में नहीं गया था राज
बहन ने बताया कि सोनम की शादी 11 मई को हुई थी। इसी दिन 11 मई 2020 को हमारे पिता जी रामनजर सिंह की ब्रेन ट्यूमर से मौत हो गई थी। इस कारण हम इस दिन को किसी भी तरह से सेलिब्रेट नहीं करते हैं। इसलिए राज उस दिन सोनम की शादी में नहीं गया था। मां बदहवास, 3 दिन से पानी नहीं पिया
राज की मां एक ही बात कह रही है, “मेरा बच्चा कभी ऐसा काम नहीं कर सकता। वो मेरा इकलौता बेटा था। दो बेटियों में छोटी बेटी बार-बार बेहोश हो रही है। मैंने भी तीन दिन से पानी नहीं पिया। मेरे पति शांत हो गए, अब कोई मेरे आगे पीछे नहीं है। वह इतना भोला है कि जिसके भी पैर में जूते-चप्पल नहीं होते तो खुद अपने उतारकर दे देता था। वह नंगे पैर घर आता तो मैं चिल्लाती थी। उसे कहती थी कि खाना नहीं दूंगी, चप्पल कहां से लाऊं, पैसे नहीं है मेरे पास। सोनम के भाई की फैक्ट्री में काम करता था, वहीं पर सोनम भी काम करती थी। अब दोनों एक जगह काम करते हैं तो बातचीत तो होती ही है। उसे झूठा फंसा दिया।” राज ने अपनी दोनों बहन और मां को पहले ही उत्तरप्रदेश में कानपुर के पास रामपुर स्थित पैतृक गांव भेज दिया था। 8 दिन पहले ही दोनों लौटी हैं। विशाल ने भी अपने माता-पिता को गांव भेज दिया था। ये खबर भी पढ़ें… सोनम के सामने हुआ पति राजा का मर्डर:चीखकर कहा- मार दो इसे इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या पत्नी सोनम के ही सामने की गई थी। मेघालय पुलिस का कहना है कि चार आरोपियों में से एक विशाल चौहान ने राजा के सिर पर पीछे से हमला किया था। उस दौरान सोनम भी वहां मौजूद थी। उसने आरोपियों से चीखकर कहा था- ‘मार डालो इसे।’ पूरी खबर पढ़ें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *