बांका प्ले स्कूल के हॉस्टल में लगी आग, उठी लपटें:बांका में 6 बच्चे बेहोश, बेसमेंट में शॉर्ट सर्किट से लगी ,फायर फाइटर्स ने निकाला

बांका नगर परिषद के जगतपुर मोहल्ले में स्थित विद्या मंदिर स्पेशल किड्स प्ले स्कूल के हॉस्टल में सोमवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय हॉस्टल में सो रहे छह बच्चे धुएं के कारण बेहोश हो गए। सभी बच्चों को तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल बांका में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग स्कूल के बेसमेंट में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। आग लगने के समय हॉस्टल की ऊपरी मंजिल पर छह बच्चे सो रहे थे। देखते ही देखते बेसमेंट से उठता धुआं पूरे भवन में फैल गया, जिससे बच्चों का दम घुटने लगा और वे बेहोश हो गए। देखें, मौके से आई 3 तस्वीरें… जानें, कब क्या हुआ… स्कूल बिल्डिंग से धुआं उठता जमा हुए लोग स्कूल भवन से धुआं निकलता देख आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और हॉस्टल का गेट खोलने की कोशिश की। काफी प्रयास के बाद गेट खोला जा सका। इसी दौरान सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम और बांका थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। तब तक आग ऊपरी मंजिल तक फैल चुकी थी। एसडीपीओ-थाना अध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर अग्निशमन कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से बेहोश बच्चों को बाहर निकालकर तुरंत सदर अस्पताल बांका भेजा गया। घटना की सूचना मिलते ही बांका के एसडीपीओ अमर विश्वास और टाउन थाना अध्यक्ष सुधीर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। डॉक्टर बोले-बच्चे अब ठीक, जल्द अस्पताल से होगी छुट्टी सदर अस्पताल में मौजूद डॉक्टर रविकांत ने बताया कि बच्चों के बेहोश होने की वजह धुएं से दम घुटना था। उपचार के बाद सभी बच्चों की हालत सामान्य है और उन्हें जल्द ही अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। इस घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि समय रहते बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लेने से एक बड़ा हादसा टल गया। कमरे में धुंआ भरने से सब बेहोश हो गए पीड़ित बच्ची गौरी कुमारी ने बताया कि वो क्लास वन में पढ़ती है और तीन महीने से यहां हास्टल में रह रही है। उसके अलावा और 6 बच्चे उसके साथ वहां कमरे में सोए हुए थे। कमरे में धुंआ भरने के बाद सब बेहोश हो गए। आग लगने से दम घुटने लगा था। हॉस्टल के कमरे से आग की लपटें निकल रही थीं मौके पर उपस्थित राहुल कुमार ने बताया कि स्कूल के हॉस्टल से धुंआ निकल रहा था। हम उस और देख ही रहे थे कि आखिर धुंआ क्यों निकल रहा है। देखते ही देखते हॉस्टल के कमरे से आग की लपटें निकलने लगी। तब पता चला की हॉस्टल में आग लगी है। शोर मचाने के बाद आसपास के लोग और हॉस्टल के शिक्षा के लोग मौके पर दौड़ कर पहुंचे। इसके बाद दमकल वाहन और स्थानीय प्रशासन की मदद से आग पर काबू पाया गया। इस दौरान काफी देर तक अपना तफरी मचा रहा। बच्चों के भी चिल्लाने की आवाज आने लगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *