भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। इसमें बांका जिले की दो विधानसभा सीटों – बांका और कटोरिया के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की गई है। बांका से मौजूदा विधायक रामनारायण मंडल को फिर से मौका दिया गया है, जबकि कटोरिया से मौजूदा विधायक निक्की हेंब्रम का टिकट काटकर पूरनलाल टुडू को नया चेहरा बनाया गया है। बांका में दूसरे चरण में 11 नवंबर को मतदान होगा। बांका विधानसभा से विधायक रामनारायण मंडल छह बार चुनाव जीत चुके हैं। उनके नाम जिले में सर्वाधिक बार विधायक रहने का रिकॉर्ड है। वे दो बार बिहार सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं और पार्टी के विश्वसनीय नेता माने जाते हैं। 72 वर्षीय मंडल तेली समाज से आते हैं और 12वीं तक शिक्षित हैं। उनके लंबे राजनीतिक अनुभव और संगठन के प्रति निष्ठा को देखते हुए पार्टी ने लगातार नौवीं बार उन पर भरोसा जताया है। टिकट मिलने के बाद रामनारायण मंडल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। जिला अध्यक्ष ब्रजेश कुमार मिश्रा, महामंत्री विश्वनाथ कुमार सिंह, रंजीत यादव और भाजपा मंडल अध्यक्ष रजौन दक्षिणी नितेश कुमार उर्फ बंटी साह सहित कई नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। पूरनलाल टुडू को बनाया नया फेस कटोरिया विधानसभा से इस बार पार्टी ने 38 वर्षीय पूरनलाल टुडू के रूप में एक नया चेहरा पेश किया है। टुडू आदिवासी समाज से हैं, उन्होंने बीएससी तक की पढ़ाई की है और उनकी पत्नी मुखिया हैं। वे लंबे समय से पार्टी और संघ से जुड़े रहकर समाजसेवा में सक्रिय रहे हैं। बताया जा रहा है कि मौजूदा विधायक निक्की हेंब्रम के कार्यकर्ताओं से तालमेल की कमी और स्थानीय नाराजगी के कारण उनका टिकट काटा गया है। पूरनलाल टुडू ने टिकट मिलने पर कहा कि भाजपा ही ऐसी पार्टी है जो कार्यकर्ताओं को सम्मान देती है। नए चेहरे की घोषणा से कटोरिया विधानसभा में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।