‘बागेश्वर धाम जाने की बात कहकर घर से निकला था’:बलवंत की मां बोली- गुस्सा करता था, चंदन मिश्रा की हत्या के बाद फोन पर हुई थी बात

आरा में मंगलवार को स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और गैंगस्टर चंदन मिश्रा की हत्या मामले से जुड़े 3 आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें दो बदमाश बलवंत और रवि रंजन को पैर में गोली लगी है। वहीं, एक बदमाश अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया गया है। घायल बलवंत और रवि रंजन का पुलिस कस्टडी में पटना के PMCH में इलाज चल रहा है। मुठभेड़ की घटना के बाद भास्कर की टीम बलवंत के गांव बक्सर जिले के लीलाधरपुर गांव पहुंची। बलवंत के घर पर उसके माता-पिता मिले, वो फफक-फफककर रोने लगे। बलवंत की मां शुभावती देवी ने बताया, ‘स्वभाव में मेरा बेटा अच्छा है। लेकिन किसी गलत संगत में आकर वो इस तरह का क्राइम करने लगा है।’ ‘चंदन की हत्या से 10 दिन पहले वो घर से निकला था। हमलोगों को बताया था कि बाबा बागेश्वर धाम जा रहा है। 10-12 दिन बाद लौटेंगे। चंदन की हत्या वाले दिन भी उससे बात हुई थी। फिर टीवी पर उसके हाथ में बंदूक देखे।’ भास्कर की ग्राउंड रिपोर्ट में पढ़िए बलवंत की पूरी कहानी… अमूमन छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा करता था बलवंत की मां ने बताया, ‘पिछले 2-3 महीने से उसके स्वभाव में बदलाव दिख रहा था। वो अमूमन छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा हो जाता था। गुस्से में ही वो बात करता था, तो हमलोग शांत हो जाते थे। क्योंकि हमें डर था कि कहीं वो कुछ कर न ले।’ ‘बलवंत अक्सर दिन-रात फोन पर बात करता था। किसी को कुछ बताता भी नहीं था। हमलोगों को डर था कि वो कहीं गलत रास्ते पर न चला जाए। अगर वो मारपीट करने लगा तो हमारे इज्जत पर धब्बा लग जाएगा। इस कारण से हमलोग चुप रहते थे।’ बागेश्वर धाम जाने की बात कहकर घर से निकला था शुभावती देवी ने बताया, ‘वो बिना बताए घर से गायब हो जाता था। हमलोग पूछते तो चिल्लाने लगता था। घटना से 10 दिन पहले उसने कहा था- घूमने जा रहे है। अयोध्या, मथुरा और बागेश्वर धाम जाएंगे। 10-12 दिनों में लौट जाएंगे।’ पुलिस के पास सुरक्षित है बेटा बलवंत के पिता जंग बहादुर सिंह ने बताया, ‘बलवंत को पुलिस की गोली लगी है। हाथ-पैर में गोली लगी है। हमें इस घटना की जानकारी मिलने के बाद थोड़ी शांति मिली है। कम से कम वो पुलिस के पास सुरक्षित है।’ ‘चंदन की हत्या के बाद जो सीसीटीवी देखा था, उसके बाद से डर गए थे। इस घटना की वजह से पटना प्रशासन की ओर से हमारे घर पर नोटिस चिपकाया गया। हम डर से इतने दिन से अपने घर को छोड़कर कहीं और रह रहे थे।’ चंदन की हत्या वाले दिन किया था कॉल जंग बहादुर सिंह ने बताइया, ‘दिन में सिर्फ एक बार कॉल करके हाल-चाल लेता था। चंदन की हत्या वाले दिन हमको बलवंत ने दूसरे के फोन से कॉल किया था। सुबह 6 बजे हमको कॉल किया और कहा- आप ठीक है ना, आवाज से तबीयत खराब लग रही है। आएंगे तो डॉक्टर से दिखा देंगे। इसके बाद वो फोन रख दिया।’ ‘9 बजे जब टीवी खोला तो देखा कि बलवंत के हाथ में बंदूक है। पता नहीं किसके संगती में ये हालत कर लिया है।’ 3-4 महीने से उसके एक्टिविटी में बदलाव आया था पिता ने बताया, ’12वीं पास करने के बाद BA में एडमिशन लिया। उसे पैसा कमाना था। इसलिए वो बाहर रहने लगा। कहता था- ठेका लेकर काम करेंगे और पैसा घर भेजेंगे। इससे घर का खर्च चलेगा।’ ‘हम उसको बोले भी थे कि हम भी तुम्हारे साथ चलते हैं, लेकिन उसने कहा, आप घर पर ही चुपचाप रहिए। पिछले 3-4 महीने से उसके एक्टिविटी में बदलाव दिख रहा था।’ तीन भाइयों में सबसे छोटा था बलवंत बलवंत सिंह तीन भाइयों में सबसे छोटा है। पिता जंग बहादुर सिंह गांव में खेती करते हैं। दोनों बड़े भाई बाहर कंपनी में काम करते हैं। बलवंत निमेज हाई स्कूल से मैट्रिक और डुमरांव इंटर कॉलेज से इंटर की पढ़ाई पूरी की थी। अभी BA में एडमिशन करवाया था। स्थानीय लोगों ने कैमरे के समाने आने से मना कर दिया है। हालांकि, बातचीत में उन्होंने कहा कि ‘बलवंत बचपन से शांत लड़का था। वो ज्यादा किसी से मिलता नहीं था। लेकिन उसे जल्दी फेमस होने की ख्वाहिश थी। यही वजह है कि वह इंस्टाग्राम पर लगातार वीडियो बनाकर अपलोड करता था।’ बता दें कि बलवंत कुछ दिनों के लिए करणी सेना का भी सदस्य रहा है। मुठभेड़ के बाद की 3 तस्वीरें… —————————- ये भी पढ़ें चंदन मिश्रा हत्याकांड के 2 शूटर मुठभेड़ में घायल:बिहार STF ने सरेंडर करने को कहा तो फायरिंग की; भागने में मदद करने वाला गिरफ्तार बिहार के आरा में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और गैंगस्टर चंदन मिश्रा की हत्या से जुड़े कुछ आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई है। इसमें दो बदमाशों को गोली लगी है। एक को गिरफ्तार किया गया है। हथियार भी बरामद किए गए हैं। STF को गैंगस्टर मर्डर केस से जुड़े 3 अपराधियों बलवंत, रवि रंजन और अभिषेक के बिहियां थाना क्षेत्र में होने की सूचना मिली थी। टीम ने मंगलवार सुबह 5 बजे कटिया रोड के पास उन्हें घेर लिया। पूरी खबर पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *