बादली विधायक के घर पहुंचे पूर्व सीएम हुड्‌डा:नव दंपतियों को दिया आशीर्वाद, चेहते विधायकों के सवाल पर साधी चुप्पी

हरियाणा के पूर्व विधायक और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा रविवार को झज्जर जिले में बादली विधायक कुलदीप वत्स के फार्म हाउस पर पहुंचे। यहां उन्होंने कुलदीप वत्स के दोनों भतीजों और उनकी बहुओं को आशीर्वाद दिया। कुछ दिनों पूर्व कुलदीप वत्स के भतीजों का विवाह हुआ था। विधायक कुलदीप वत्स और उनके परिवार ने भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा का स्वागत किया। जिसके बाद पूर्व सीएम ने विधायक कुलदीप वत्स के परिवार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दोनों नव दंपती को अपना आशीर्वाद प्रदान किया। इस दौरान पूर्व सीएम ने साफ कहा कि वह किसी राजनीति के लिए नहीं, बल्कि परिवार के बच्चों को आशीर्वाद देने पहुंचे हैं। हुड्डा ने कहा कि बच्चों को आशीर्वाद देना हमारा फर्ज बनता है। उन्होंने कुलदीप वत्स के भतीजे साहिल, विशाल और परिवार की दोनों बहुओं को आशीर्वाद दिया। विधायक कुलदीप वत्स ने फार्म हाउस पर उन्हें भेलपुरी खिलाई। गलत तरीके से लिया गया कुलदीप का नाम : हुड्‌डा हुड्डा के इस दौरे को लेकर राजनीतिक चर्चाएं भी गर्म रहीं, क्योंकि हाल के दिनों में कुलदीप वत्स का नाम कांग्रेस के अंदरूनी घटनाक्रमों को लेकर चर्चा में रहा है। हालांकि, इस पूरे मामले पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने संतुलित जवाब दिया। कुलदीप वत्स की पैरवी के सवाल पर उन्होंने कहा कि कुलदीप का नाम गलत तरीके से लिया जा रहा है, क्योंकि उस समय तक नाम सामने ही नहीं आए थे। उनके इस बयान को राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है। बोले- भाजपा ने रद्द कराए चार वोट राज्यसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कांग्रेस का पक्ष मजबूती से रखा। उन्होंने कहा कि सच्चाई यह है कि हम जीते हैं और पार्टी ने पांच विधायकों को नोटिस दिया है। हुड्डा ने आरोप लगाया कि चार वोट जो रद्द किए गए, उन्हें बीजेपी ने जबरदस्ती रद्द कराया। उन्होंने यह भी कहा कि आगे क्या कदम उठाया जाएगा, इस पर अंतिम फैसला पार्टी स्तर पर किया जाएगा। जब उनसे यह पूछा गया कि क्या पार्टी अपने चहेते विधायकों को बचाने की कोशिश कर रही है, तो इस सवाल पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने चुप्पी साध ली। उनकी यह खामोशी भी कई राजनीतिक संकेत छोड़ गई। हसनपुर में हुआ यह दौरा भले ही पारिवारिक कार्यक्रम के तौर पर बताया गया हो, लेकिन हुड्डा के बयान और राज्यसभा चुनाव पर उनकी प्रतिक्रिया ने इस मुलाकात को राजनीतिक रूप से भी बेहद अहम बना दिया है। यहां देखिए परिवार के साथ फोटो…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *