बादली विधायक के भतीजों की शादी में पहुंचे सीएम सैनी:राज्यसभा चुनाव से पहले चर्चाएं तेज; भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बड़ौली रहे शामिल

झज्जर जिले के बादली हलके से कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स के भतीजों के शादी समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पहुंचने से सियासी गलियारों में चर्चाएं तेज हो गईं। मुख्यमंत्री के साथ बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। दरअसल, कल होने वाले राज्यसभा चुनाव से ठीक एक दिन पहले कांग्रेस विधायक के पारिवारिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष का पहुंचना राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है। कार्यक्रम सामाजिक था, लेकिन नेताओं की मौजूदगी के कारण इसे सियासी नजर से भी देखा जा रहा है। इससे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा और सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा भी चार दिन पहले कुलदीप वत्स के भतीजे की शादी के कार्यक्रम में पहुंच चुके हैं। शादी समारोह में कांग्रेस के पूर्व विधायक राव दान सिंह समेत कई अन्य राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां भी मौजूद रही। मुख्यमंत्री के अचानक कार्यक्रम में पहुंचने के बाद वहां मौजूद लोगों और राजनीतिक हलकों में अलग-अलग तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। राज्यसभा चुनाव से पहले बढ़ी सियासी हलचल हरियाणा में राज्यसभा चुनाव कल होने हैं। ऐसे में एक दिन पहले कांग्रेस विधायक के पारिवारिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी को लेकर राजनीतिक हलकों में कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि कार्यक्रम पूरी तरह सामाजिक था, लेकिन समय और नेताओं की मौजूदगी के कारण यह चर्चा का विषय बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *