हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर में दो जगह बादल फटने से सोमवार रात भारी नुकसान हुआ। जेल रोड के साथ लगते नाले ने यहां कहर बरपाया। इसमें एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत हो गई। एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। अस्पताल के साथ भी बादल फटने से कई घरों को नुकसान हुआ है। बीती रात 3 बजे भारी बारिश के बाद नाले का मलबा लोगों के घरों में घुस गया। इससे 20 से ज्यादा लोग मलबे में फंस गए। सभी को सुरक्षित रेस्क्यू कर दिया गया है। मंडी शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में 40 से ज्यादा गाड़ियां मलबे में दब गईं। चंडीगढ़-मनाली फोरलेन 4 मील, 9 मील और दवाड़ा के पास बंद हो गया है। दवाड़ा में फोरलेन का नामोनिशान मिट गया है। इसके बाद प्रशासन ने मंडी सब डिवीजन के स्कूलों में आज छुट्टी कर दी है। मंडी-जोगेंद्रनगर फोरलेन भी लवांडी ब्रिज के पास लैंडस्लाइड से बंद है। मंडी में रात 1 बजे से हो रही भारी बारिश से फोरलेन की बहाली में कठिनाई आ रही है। मंडी शहर के बीचो-बीच बहने वाली सुकेती खड्ड भी उफान पर आ गई है। इसका पानी व मलबा भी खड्ड से सटे कई घरों में घुस गया। जिला प्रशासन और SDRF की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंडी हादसे में मृत लोगों के निधन पर शोक व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की। पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग देखें…