हरियाणा की संस्कृति और भाषा को अपने गानों के जरिए देश-विदेश तक पहुंचाने वाले बॉलीवुड रैपर बादशाह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उनके चर्चित गाने “टटीरी” को लेकर उठे विवाद और राष्ट्रीय महिला आयोग की नाराजगी के बाद अब इस गाने का नया वर्जन 14 अप्रैल को रिलीज होने जा रहा है। माफी, सुधार और नए वादों के बीच बादशाह ने एक बार फिर अपने फैंस से जुड़ते हुए इस गाने को नई सोच के साथ पेश करने की तैयारी कर ली है। रैफर ने सोशल मीडिया से अपने गाने के लिए हिन्दी में दो पेज की पोस्ट शेयर की और टटीरी गीत को लेकर सफाई देकर दोबारा रिलीज करने की बात कही है।
महिला आयोग के सामने पेश होकर मांगी माफी
कुछ दिन पहले “टटीरी” गाने को लेकर विवाद बढ़ने पर राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने इसे महिलाओं की गरिमा के खिलाफ माना था। इस मामले में बादशाह के साथ निर्देशक जोबन संधू, महावीर सिंह और निर्माता हितेन भी आयोग के सामने पेश हुए।
आयोग ने गाने के बोल और प्रस्तुति पर सख्त नाराजगी जताई, जिसके बाद बादशाह और उनकी टीम ने बिना शर्त माफी मांगते हुए भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने का आश्वासन दिया 14 अप्रैल को नए वर्जन में लौटेगा “टटीरी”
विवाद के बाद अब बादशाह अपने इस गाने को नए अंदाज में पेश करने जा रहे हैं। “टटीरी फिर से” नाम से यह गाना 14 अप्रैल को सभी प्लेटफॉर्म्स पर रिलीज किया जाएगा।
इस नए वर्जन में उन सभी हिस्सों को हटाया गया है, जिन्हें आपत्तिजनक माना गया था। इसके साथ ही गाने का नया वीडियो भी जारी किया गया है, जिसमें बदलाव साफ नजर आ रहे हैं।
सोशल मीडिया पर हरियाणा के लोगों से खास अपील
बादशाह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर खासतौर पर हरियाणा के लोगों और अपने फैंस के लिए भावनात्मक संदेश साझा किया।
उन्होंने लिखा कि उन्होंने समाज, महिला आयोग और संस्कृति की चिंता करने वाले लोगों की बातों को गंभीरता से सुना है और उसी आधार पर गाने में जरूरी बदलाव किए हैं।
“एक कलाकार की जिम्मेदारी भी उतनी ही जरूरी”
बादशाह ने अपने पोस्ट में कहा कि एक कलाकार होने के साथ-साथ समाज और संस्कृति के प्रति जिम्मेदारी भी उतनी ही अहम होती है।
उन्होंने यह भी कहा कि उनके लिए संगीत हमेशा अपनी जड़ों, भाषा और लोगों की कहानियों को बड़े मंच तक पहुंचाने का माध्यम रहा है और “टटीरी फिर से” उसी सफर का अगला कदम है।
फैंस से मांगा समर्थन, कहा- यही ताकत है
बादशाह ने अपने फैंस का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके साथ, उनकी आवाज और विश्वास ने ही इस गाने को जिंदा रखा है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि गाने का नया रूप पहले जैसी ऊर्जा के साथ-साथ सम्मान को भी बनाए रखेगा और लोगों को पसंद आएगा।
“टटीरी फिर से” को लेकर बढ़ी उत्सुकता
अब 14 अप्रैल को रिलीज होने जा रहे “टटीरी फिर से” को लेकर फैंस में उत्सुकता बढ़ गई है। विवाद के बाद किए गए बदलावों के चलते यह देखना दिलचस्प होगा कि नया वर्जन दर्शकों की उम्मीदों पर कितना खरा उतरता है।