बाबा कुशेश्वरनाथ मंदिर में महाशिवरात्रि की तैयारियां पूरी:1.5 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना; 263 जगर पर दंडाधिकारी-पुलिस पदाधिकारी तैनात

दरभंगा में महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर आज जिले में विधि-व्यवस्था और शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है। जिला पदाधिकारी कौशल कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी ने संयुक्त आदेश जारी करते हुए जिले के 263 स्थलों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की है। प्रशासन ने बताया कि महाशिवरात्रि के दिन शिवालयों में जलाभिषेक, पूजा-अर्चना, अष्टयाम (हरि कीर्तन), मेला, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा शिव बारात/झांकी निकालने की परंपरा को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना है। पर्व के मद्देनजर जिला नियंत्रण कक्ष (06272-240600) 15 से 16 फरवरी 2026 तक सक्रिय रहेगा। एक यूनिट नियंत्रण कक्ष में प्रतिनियुक्त अग्निशाम पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि उक्त अवधि में सभी संसाधनों के साथ अग्निशमन की एक यूनिट नियंत्रण कक्ष में प्रतिनियुक्त रहेगी। यातायात व्यवस्था के विशेष निर्देश यातायात थाना प्रभारी को दरभंगा शहरी क्षेत्र में आवागमन सुचारू रखने के लिए पर्याप्त संख्या में यातायात पुलिस की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। 14 फरवरी की संध्या 4:00 बजे से 16 फरवरी की सुबह 6:00 बजे तक सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति होगी। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) अनुपालन की निगरानी करेंगे। यातायात प्रभारी स्वयं भ्रमणशील रहकर व्यवस्था संभालेंगे। थाना स्तर पर पेट्रोलिंग व निगरानी सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया है कि आवश्यकता अनुसार थाना स्तर से दफादार/चौकीदार और पुलिस पदाधिकारी की तैनाती करें। 14 फरवरी शाम 6:00 बजे से 16 फरवरी सुबह 6:00 बजे तक लगातार पेट्रोलिंग होगी। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित), पुलिस केन्द्र, दरभंगा को निर्देशित किया गया है कि प्रतिनियुक्त पुलिस बल संबंधित थानों में समय पर रिपोर्ट करें। कुशेश्वरस्थान में विशेष सुरक्षा कुशेश्वरनाथ महादेव मंदिर में 14 फरवरी रात 8:00 बजे से 16 फरवरी तक कार्यक्रम समाप्ति तक 47 दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहेंगे। संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समन्वय स्थापित कर शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करेंगे। सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और प्रखंड स्तरीय वरीय प्रभारी पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर पर्व को शांतिपूर्वक संपन्न कराने का निर्देश दिया गया है। बाबा कुशेश्वरनाथ मंदिर में महाशिवरात्रि की तैयारियां पूरी, 1.5 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना कुशेश्वरस्थान स्थित बाबा कुशेश्वरनाथ मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भक्ति और उत्साह का माहौल बना हुआ है। इस साल करीब एक से डेढ़ लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। पूजा और दर्शन का समय मंदिर न्यास समिति के अनुसार –
सुबह 3 बजे प्रधान पूजा संपन्न होगी।
इसके बाद मंदिर आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाएगा।
दोपहर 2 बजे मंदिर बंद होगा।
पुनः 3 बजे से दर्शन प्रारंभ हो जाएगा।
जलाभिषेक, विशेष पूजा-अर्चना और विभिन्न अनुष्ठानों की व्यापक व्यवस्था की गई है। बरगांव से निकलेगी भव्य शिव बारात महाशिवरात्रि के अवसर पर मंदिर से सटे बरगांव से भगवान शिव की भव्य बारात निकाली जाएगी।
शाम 6 बजे लगभग 5 किलोमीटर की दूरी पैदल और वाहन से तय करते हुए शिव बारात और झांकियां निकलेंगी।
रात्रि 9 बजे बाराती मंदिर परिसर में प्रवेश करेंगे।
आकर्षक झांकियों के माध्यम से शिव-पार्वती विवाह की पौराणिक कथा को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। स्थानीय व्यवसायियों के सहयोग से विशेष विवाह झांकी भी निकाली जाएगी, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगी।
बाबा कुशेश्वर सेवा संस्था की ओर से धोबलिया से झांकी निकाली जाएगी। कोलकाता से आए कलाकारों की टीम विशेष प्रस्तुति देगी, जो मंदिर की परिक्रमा करेगी। जानकारी के अनुसार यह टीम असमा से पैदल यात्रा कर कुशेश्वरस्थान मन्दिर तक पहुंचेगी। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन और मंदिर न्यास समिति ने व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं— पूरे परिसर में 44 CCTV कैमरे लगाए गए हैं।
करीब 500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
शिवगंगा घाट पर विशेष बैरिकेडिंग की गई है।
प्रवेश एवं निकास मार्ग अलग-अलग चिन्हित किए गए हैं।
मंदिर परिसर के आसपास बांस-बल्लों से घेराबंदी।
जगह-जगह सुरक्षा कर्मियों की तैनाती।
स्वच्छता अभियान के तहत विशेष सफाई और मंदिर का रंग-रोगन एवं सौंदर्यीकरण। शिवगंगा घाट पर भव्य गंगा आरती महाशिवरात्रि की शाम शिवगंगा घाट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन होगा। वैदिक मंत्रोच्चारण, शंखनाद और दीपों की रोशनी से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठेगा। घाट को आकर्षक लाइटिंग से सजाया जा रहा है, जिससे रात में पूरा परिसर जगमगाएगा। महाशिवरात्रि को लेकर कुशेश्वरस्थान में श्रद्धा, उत्साह और भव्यता का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। प्रशासन और स्थानीय समिति की तैयारियां यह सुनिश्चित करने में जुटी हैं कि यह पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *