लुधियाना राधा स्वामी सत्संग ब्यास के प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों बुधवार को जब औद्योगिक नगरी लुधियाना पहुंचे तो नजारा किसी उत्सव से कम नहीं था। अपनी चिर-परिचित काली मर्सिडीज में सवार बाबा जैसे ही सड़कों पर निकले उनके दीदार के लिए समर्थकों का हुजूम उमड़ पड़ा। दुगरी से लेकर मुंडियां कलां तक की सड़कें अनुयायियों से भरी पड़ी थीं जो अपने गुरु की एक झलक पाने के लिए घंटों से पलकें बिछाए बैठे थे। सुरक्षा के कड़े इंतजाम और सेवादारों का समर्पण सुबह से ही शहर के दुगरी और मुंडियां कलां इलाकों में भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। पुलिस बल के साथ-साथ डेरे के अपने वर्दीधारी सेवादारों ने मोर्चा संभाला हुआ था ताकि यातायात और व्यवस्था बनी रहे। बाबा की गाड़ी के गुजरते समय हजारों हाथ दुआओं में उठे नजर आए। मुंडियां कलां के बाद बाबा दुगरी स्थित एक अनुयायी के घर भी रुके जहाँ उन्होंने कुछ समय व्यतीत किया। सियासी चर्चाओं का केंद्र बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों का किसी कैबिनेट मंत्री के घर जाना महज एक धार्मिक यात्रा नहीं मानी जा रही है। पंजाब के मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य में जहाँ सत्ताधारी पार्टी अपनी जड़ें मजबूत कर रही है डेरा प्रमुख का मंत्री के घर पहुंचना सत्ता और अध्यात्म के बीच एक मजबूत सेतु के रूप में देखा जा रहा है। विरोधियों की नजरें भी इस मुलाकात के बाद निकलने वाले संभावित संदेशों पर टिकी हैं।