बायसी बाजार में पर्स कटिंग, महिला गिरफ्तार:घर से 1.60 लाख नकद, जेवर और 18 मोबाइल बरामद

पूर्णिया जिले के बायसी बाजार में ईद की खरीदारी के दौरान एक महिला का पर्स काटकर 13 हजार रुपये चोरी कर लिए गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया और उसके घर से 1 लाख 47 हजार रुपये नकद, सोना-चांदी के जेवर और 18 मोबाइल फोन बरामद किए। कुल 1 लाख 60 हजार रुपये की बरामदगी हुई है। यह घटना बायसी थाना क्षेत्र के बायसी बाजार में हुई। पीड़ित महिला ने तुरंत बायसी थाना को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष शिव कुमार पासवान के निर्देश पर एक पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसमें महिला एसआई अर्चना कुमारी, एसआई मोनिका कुमारी और एसआई परमानंद पासवान शामिल थे। पुलिस टीम ने मल्हरिया निवासी मंत्री देवी को पकड़ा और उसके पास से चोरी किए गए 13 हजार रुपये बरामद कर लिए। पूछताछ के दौरान आरोपी महिला ने चोरी की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने मंत्री देवी के घर पर छापेमारी की। छापेमारी में 1 लाख 47 हजार रुपये नकद, सोना-चांदी के जेवर और 18 मोबाइल फोन (जिनमें 13 एंड्रॉयड स्मार्टफोन शामिल हैं) बरामद किए गए। इस प्रकार कुल 1 लाख 60 हजार रुपये की बरामदगी हुई। महिला ने पूछताछ में बताया कि इस पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड हाटगाछी मल्हरिया निवासी विक्टर अर्जुन सिंह है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मंत्री देवी और अर्जुन सिंह दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *