नालंदा में बारात में बैड टच करने के आरोप में एक शख्स की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं अन्य की तलाश जारी है। आरोप लगाने वाली महिला भी फरार है। मामला दीपनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत नदियौना गांव का है। मृतक की पहचान उपेंद्र मांझी (49) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक बुधवार शाम एक शादी समारोह के दौरान 25 साल की एक महिला ने मृतक पर बैड टच करने का आरोप लगाया था। जिसके बाद करीब 15 की संख्या में लोग उपेंद्र मांझी के घर पहुंचे और वहां से खींचकर घर से दूर ले गए। इसके बाद पीट-पीटकर हत्या कर दी। आस पड़ोस के लोगों ने बताया कि आरोपियों की संख्या अधिक होने के कारण किसी ने उपेंद्र मांझी को बचाने की कोशिश नहीं की। अब सिलसिलेवार तरीके से जानिए पूरा मामला… लाठी-डंडे लेकर टूट पड़ी भीड़ उपेंद्र मांझी के बेटे गुलशन कुमार ने बताया कि, बुधवार शाम शादी में डांस करते समय झगड़ा हुआ। महिला को टच करने के बाद मारपीट हुई। फिर दुकानदार उपेंद्र मांझी की लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने घर में तोड़फोड़ भी की। गांव में ही अशोक मांझी के बेटे की बारात आई थी। जिसमें गाना बज रहा था। मेरे पिता बारात से आए और घर में बाइक लगाकर नाचने चले गए। जहां डीजे की धुन पर नाचने के दौरान गांव के ही हरिमुनि मांझी की बहू को गलती से टच कर दिया। इसके बाद मेरे पिता की हरिमुनि मांझी और उसके घर वालों से नोकझोंक और धक्का मुक्की हुई। फिर पिता लौटकर घर आ गए। पीछे-पीछे हरिमुनि मांझी और करीब 15 अन्य लोग भी घर पहुंच गए और जबरन पिता को कमरे से बाहर निकाल मारपीट करने लगे। उन पर कुल्हाड़ी से वार किया, जिससे उनका सिर फट गया। जब वह बदमाशों के चंगुल से छूटकर किसी तरह से नदी की तरफ भागे, तो बदमाश उनका पीछा करते हुए नदी की तरफ भी पहुंच गए और उन पर लाठी-डंडे से हमला कर उनकी हत्या कर दी।’ बहू बोली- हम डरकर घर में छिप गए थे उपेंद्र मांझी की बहू पुनीता देवी ने बताया, ‘हरिमुनि मांझी और अन्य लोग उनके दरवाजे पर आ गए और उन लोगों को भी भद्दी-भद्दी गालियां देने लगे। हम लोगों को भी जबरन कमरे से बाहर निकाला जाने लगा। किसी तरह से हमलोगों ने खुद को घर के अंदर बंद कर लिया, जिसके कारण हमलोगों की जान बच सकी। बदमाश ससुर पर जबरन आरोप लगा रहे थे कि जानबूझकर उन्होंने महिला को टच कर दिया।’ पूरे शरीर पर चोट के निशान थे उपेंद्र की पड़ोसन प्रविला देवी ने बताया, घटना उनके घर से दूर हुई है। क्या हुआ इसकी पूरी जानकारी उन्हें नहीं है। लेकिन शव देखने से लग रहा था कि उपेंद्र मांझी का गला दबा दिया गया है। सिर भी मरोड़ दिया गया था। हाथ और पूरे शरीर में चोट के निशान थे। गांव में तनाव का माहौल उपेंद्र मांझी के चार बेटे और दो बेटियां हैं। तीन बेटे दूसरे राज्यों में नौकरी करते हैं। उपेंद्र मांझी राशन का दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण पोषण कर रहे थे। घटना के बाद गांव में तनाव बना हुआ है। घर के दरवाजे पर खून से सनी मिट्टी अभी भी मौजूद है। आरोपियों ने घर के समान को भी तोड़ दिया है। मुख्य आरोपी और उसके 3 बेटों को पुलिस ने गिरफ्तार किया दीपनगर थाना अध्यक्ष राजमणि ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी हरिमुनि मांझी, उनके तीन बेटे सहित पवन मांझी, सुधीर मांझी और एक अन्य नाबालिग को पकड़ लिया है। शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है। हम सभी बिंदुओं पर जांच कर रहे हैं। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।