बालाजी सेवा संघ व बालाजी सेवा परिवार की ओर से विशाल भजन संध्या आयोजित की

भास्कर न्यूज | लुधियाना स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर शास्त्री नगर स्थित जंज घर भक्ति के रंग में सराबोर हो उठा। बालाजी सेवा संघ एवं बालाजी सेवा परिवार की ओर से आयोजित विशाल भजन संध्या में श्रद्धालुओं का भारी हुजूम उमड़ा। कार्यक्रम की अध्यक्षता बाबा संत राम जिंदल ने की, जिन्होंने विधि-विधान से ज्योति प्रचंड कर और बालाजी महाराज को माल्यार्पण कर चौकी का शुभारंभ किया। इस दौरान तिरंगे के रंगों और फूलों से सजा बाबा का दरबार आकर्षण का केंद्र बना रहा। भक्तों को संबोधित करते हुए बाबा संत राम जिंदल ने अध्यात्म और सामाजिक उत्तरदायित्व का अनूठा संगम पेश किया। उन्होंने कहा कि जो भक्त सच्चे मन से बालाजी का नाम जपता है, उसके संकट स्वयं हनुमान जी हर लेते हैं। कहा कि दुनिया में माता-पिता की सेवा से बड़ा कोई धाम नहीं है। उनके चरणों को स्पर्श करने मात्र से चारों धाम की यात्रा का पुण्य मिल जाता है। इसके साथ ही उन्होंने जीव दया के लिए गाय को रोटी और पक्षियों को दाना डालने का आह्वान किया। भजन गायक महंत सुनील रावत ने अपनी मधुर आवाज से पूरे पंडाल को भक्तिमय कर दिया। ऐबे बंसी ना बुल्ला उते रख अड़िया, गोविंद मेरो है गोपाल मेरो है जैसे भजनों से संगत निहाल हो उठी। वहीं कोमल बलीचा और शीनम पटियाला की टीम द्वारा प्रस्तुत रासलीला ने साक्षात वृंदावन का दृश्य साकार कर दिया। देशभक्ति और भक्ति के इस समागम में लहर-लहर लहराए झंडा बजरंग बली का के जयघोष के साथ बाबा का ध्वज फहराया गया। आनंद जैन परिवार की ओर से बालाजी महाराज को छप्पन भोग अर्पित किया गया। इस अवसर पर प्रधान राकेश सिंगला, सौरभ सिंघानिया, अरुण गुप्ता, शिव नारायण गुप्ता, अशोक सिंघानिया गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। चौकी के दौरान गणतंत्र दिवस की ख़ुशी मनाते संत व अन्य श्रद्धालु।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *