बिजली बिल माफी का आदेश नहीं बिल माफी के फार्म लेने पहुंचे लोग

भास्कर न्यूज | अमृतसर सरकार और पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन की ओर से लोगों के बिजली बिल माफ करने का कोई भी नोटिफिकेशन जारी नहीं गया। इसके बावजूद शनिवार को कचहरी में हजारों लोग अपने बिजली बिल माफी के फार्म लेने के लिए पहुंच गए। वहीं शहर की एक सोशल मीडिया ब्लॉगर भी अपना बिजली बिल माफी का फॉर्म लेने पहुंची और वहीं से ही फार्म लेने वाले लोगों की वीडियो बनाकर अपने ब्लाक में डाल दी। हालांकि यह फॉर्म बिल्कुल फ्री में बांटे जा रहे थे। उक्त ब्लॉगर की वीडियो देखकर सैकडों की तादात में लोग पहुंचे। वहीं जो लोग फार्म लेने आए थे वह बिना किसी से कोई सवाल जवाब किए सिर्फ फॉर्म लेने में व्यस्त रहे। दूसरी तरफ साउथ सब डिवीजन के ऑफिस में भी बाद दोपहर कुछ महिलाएं बिजली बिल माफी के फार्म लेने पहुंची। वहां बैठे अधिकारियों ने ऐसी कोई भी स्कीम चालू नहीं होने की पुष्टि की तो महिलाएं वापस चली गई। वीडियो में ब्लॉगर एक बात कह रहे हैं कि सोमवार और मंगलवार को फॉर्म जमा होंगे पर कहां इसके बारे में किसी को कोई जानकारी नहीं। बिजली के फॉर्म लेने के लिए कोई आधार कार्ड तो कोई पुराना बिजली बिल लेकर पहुंचा। जबकि कोई अपनी रजिस्ट्री की कापी तो कोई बैंक की कापी लेकर पहुंचा। सोशल मीडिया पर ब्लॉग बनाने वाले ब्लॉगर ने बिल माफी के फार्म लेने आए लोगों से बातचीत भी की। जिसमें लोग खुश होकर बिजली बिल माफी के फार्म लेने की बात स्वीकार करते रहे। अब देखना यह है कि फ्री में बांटे फॉर्म सोमवार और मंगलवार को कहां जमा होंगे। वहीं अब लोग अपने फार्म भरने के बाद फॉर्म लेकर पावरकाम ऑफिस में जाकर धक्के खाएंगे। क्योंकि बिजली बोर्ड के किसी भी अधिकारी को इसके बारे में कोई सूचना नहीं है। इसी संबंध में जब एसई हेड क्वार्टर इंजी. शेर जंग बहादुर सिंह मरहाला और सबअर्बन सर्किल एसई इंजी. बलकार सिंह से बात की तो उन्होंने कहा कि ऐसी कोई भी स्कीम जारी नहीं हुई। उन्होंने लोगों से अपील की है कि ऐसी अफवाहों पर विश्वास न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *