बिलासपुर में लैहड़ी गांव के घर में लगी आग:लाखों का सामान जलकर राख, सदस्यों ने भागकर बचाई जान, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

बिलासपुर जिले के नयनादेवी क्षेत्र के लैहड़ी गांव में बुधवार को एक रिहायशी मकान में भीषण आग लग गई। इस घटना में लाखों रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया और मकान को भी काफी नुकसान पहुंचा। हालांकि, परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। जानकारी के अनुसार, लैहड़ी निवासी जोगेंद्र सिंह के मकान में बुधवार सुबह अचानक आग भड़क उठी। परिवार के सदस्य उस समय घर में ही मौजूद थे, लेकिन आग का पता चलते ही वे तुरंत सुरक्षित बाहर निकल गए। उनके शोर मचाने पर आस-पड़ोस के लोग भी मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने का प्रयास किया।
फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। ग्वालथाई चौकी से सब-इंस्पेक्टर तेजेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसके साथ ही भाखड़ा और नयनादेवी (ग्वालथाई) से फायर ब्रिगेड की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड की टीमों और स्थानीय लोगों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *