‘बिल गेट्स फाउंडेशन ने भारतीय बच्चियों का प्रयोग किया’:सुधाकर सिंह ने HPV वैक्सीन पर उठाए सवाल, कहा- बिहार में भी दिया गया; CM को जानकारी दी है

राजद सांसद सुधाकर सिंह ने HPV वैक्सीन को लेकर आरोप लगाते हुए बिल गेट्स फाउंडेशन और सरकारी एजेंसियों की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। पटना में उन्होंने कहा कि बिल गेट्स फाउंडेशन बिहार समेत भारत में मेडिकल रिसर्च सेवाओं को प्रभावित और नियंत्रित कर रही है। सांसद ने आरोप लगाया कि अमेरिकी संस्था द्वारा फंडेड एचपीवी वैक्सीन का ट्रायल भारत में स्कूली बच्चियों पर किया गया। यह वैक्सीन गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से बचाव के लिए दी गई थी, लेकिन ट्रायल के दौरान कुछ बच्चियों की मौत हुई। कुछ को गंभीर दुष्प्रभाव झेलने पड़े। उन्होंने दावा किया कि कुछ मामलों में बच्चियां भविष्य में मां बनने में असमर्थ हो सकती हैं। सासंद बोले- भारत की बच्चियों पर जानवरों की तरह प्रयोग किया गया सुधाकर सिंह ने कहा कि भारत की बच्चियों को चूहा और बंदर की तरह प्रयोग के लिए इस्तेमाल किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि गुजरात और आंध्र प्रदेश के स्कूलों में हुए ट्रायल के दौरान मौत के मामले सामने आए थे। उन्होंने अपने आरोपों के समर्थन में 30 अगस्त 2013 को प्रकाशित राज्यसभा की स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय से संबंधित संसदीय स्थायी समिति की 72वीं रिपोर्ट का हवाला दिया। उनके अनुसार, उस रिपोर्ट में बिल गेट्स फाउंडेशन द्वारा फंडेड गर्भाशय ग्रीवा कैंसर एचपीवी वैक्सीनेशन ट्रायल और उससे जुड़े घटनाक्रम का उल्लेख है। बिहार में स्कूली बच्चियों को लगाई गई ये वैकसीन राजद सांसद ने यह भी कहा कि बिहार में भी एचपीवी वैक्सीन का उपयोग स्कूल की बच्चियों पर किया गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले की जानकारी उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को दी है, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं मिला है। सुधाकर सिंह ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच कराई जाए। जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि दान और स्वास्थ्य सेवा के नाम पर किसी भी तरह का प्रयोग देश की बच्चियों पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *