बिहटा में सड़क हादसे में महिला की मौत:टैंकर ने सड़क पार करते समय रौंदा, इलाज के दौरान महिला ने तोड़ा दम

पटना-आरा मुख्य मार्ग पर गुरुवार दोपहर एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 48 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान खुसरूपुर के नीमतर निवासी बिमल देवी के रूप में हुई है। यह घटना दोपहर करीब दो बजे बिहटा चौक से लगभग 200 मीटर आगे आरा की ओर स्थित ज्योति पेट्रोल पंप के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिमल देवी सड़क पार कर रही थीं, तभी तेज रफ्तार से आ रही भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड की एक टैंकर लोरी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया। आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल बिहटा स्थित कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति गंभीर बताई। काफी प्रयासों के बावजूद शाम को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर बिहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और टैंकर लोरी को जब्त कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों ने पटना-आरा मुख्य मार्ग पर लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि घनी आबादी और बाजार क्षेत्र से दिन में भारी वाहनों का परिचालन रोका जाए तथा स्पीड कंट्रोल और ट्रैफिक व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *