झंडापुर निवासी मुरारी रॉय की रविवार देर रात एक संदिग्ध सड़क हादसे में मौत हो गई। यह घटना दयालपुर गांव से झंडापुर अपने घर लौटते समय नवटोलिया गांव से 250 मीटर पहले, मध्य विद्यालय दयालपुर से लगभग 20 मीटर की दूरी पर रात करीब 8 बजे हुई। स्थानीय लोगों और परिजनों के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें पीछे से टक्कर मारी होगी। परिजनों के मौके पर पहुंचने पर सड़क पर मोटरसाइकिल गिरी हुई मिली। मृतक का आधा शरीर तालाब में डूबा हुआ था, जिसमें सिर का हिस्सा पानी के अंदर था। मृतक के ममेरे भाई बिट्टू कुमार ने घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही एसआई लक्ष्मण प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। झंडापुर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने इस संबंध में बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।