बिहार सरकार के मंत्री डॉक्टर सुनील कुमार की आय में पिछले एक साल में 7 गुना बढ़ोतरी हुई है। डॉक्टर सुनील कुमार बिहार शरीफ विधानसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी हैं। बुधवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी में उन्होंने अपना नामांकन दाखिल किया। पेश किए गए हलफनामे के मुताबिक, पेशे से डॉक्टर सुनील न केवल 17.5 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति के स्वामी हैं, बल्कि पिछले पांच साल में उनकी पारिवारिक दौलत में 6 करोड़ रुपए से भी अधिक का इजाफा हुआ है। चुनाव आयोग के समक्ष दाखिल शपथपत्र के मुताबिक, डॉ. सुनील और उनकी पत्नी की संयुक्त चल-अचल संपत्ति वर्तमान में 17.53 करोड़ रुपए है। इसकी तुलना 2020 के विधानसभा चुनाव से करें तो उस दौरान उनकी कुल पारिवारिक संपत्ति महज 11.35 करोड़ रुपए थी। यानी पिछले पांच साल में पांच वर्षों में उनकी कुल संपत्ति में 6.18 करोड़ रुपए की ज़बरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मंत्री सुनील कुमार की चल संपत्ति 5 साल में हुई दोगुनी मंत्री सुनील कुमार की चल संपत्ति में पिछले पांच साल में दोगुनी बढ़ोतरी हुई है। साल 2020 में डॉ. सुनील और उनकी पत्नी के नाम पर कुल 4.40 करोड़ रुपए की चल संपत्ति दर्ज थी। मौजूदा हलफनामे में यह राशि बढ़कर 9.53 करोड़ रुपए की हो चुकी है। यानी सिर्फ पांच वर्षों में चल संपत्ति में 5.13 करोड़ रुपए का इजाफा हुआ है। दस्तावेजों के अनुसार, संपत्ति में इजाफा के पीछे की वजह इन्वेस्टमेंट और बिजनेस वेंचर्स को बताया गया है। हलफनामे में उनकी विभिन्न फर्मों में पूंजी शेष (कैपिटल बैलेंस) के रूप में काफी बड़ी धनराशि का उल्लेख किया गया है। इसके अतिरिक्त, उनकी पत्नी की अचल संपत्ति का बाजार मूल्य भी 1.95 करोड़ रुपए से बढ़कर 3 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। हलफनामे में सबसे अधिक ध्यान खींचने वाला तथ्य डॉ. सुनील की घोषित वार्षिक आय में अचानक आई भारी बढ़ोतरी है। आयकर रिटर्न के ब्यौरे के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2023-24 में उन्होंने अपनी सालाना आय मात्र 28.6 लाख रुपए दिखाई थी। लेकिन, फाइनेंशियल ईयर 2024-25 के इनकम टैक्स रिटर्न में उनकी घोषित आय 1 करोड़ 67 लाख रुपए से अधिक हो गई है। यानी सालाना आय में 7 गुना का उछाल आया है। डॉक्टर सुनील पर 7 आपराधिक मामले, हथियारों के हैं शौकीन चुनावी हलफनामे में डॉ. सुनील कुमार ने अपने खिलाफ कुल 7 आपराधिक मामले लंबित होने की जानकारी दी है। इनमें से अधिकांश पुराने मामले हैं, जो दंगा भड़काने, सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने और संबंधित धाराओं से जुड़े हैं। हालांकि इन मामलों में से किसी में भी अभी तक दोषसिद्धि नहीं हुई है। संपत्ति के विस्तृत ब्यौरे से यह भी पता चलता है कि डॉ. सुनील हथियारों के शौकीन हैं। उनके पास विरासत में मिली एक राइफल और एक रिवॉल्वर है, जो वैध लाइसेंस के तहत रजिस्टर्ड हैं। इसके अलावा, उनके पास 2021 मॉडल की टोयोटा इनोवा क्रिस्टा कार है। सोने के आभूषणों के मामले में, डॉ. सुनील के पास अपने पिता के निधन के बाद प्राप्त 400 ग्राम सोना है, जबकि उनकी पत्नी के पास 676 ग्राम सोना मौजूद है। जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़, 24 लाख 97 हजार 883 रुपए है।