बिहार में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विज्ञान ने उत्तर-पूर्वी बिहार के 22 जिलों में बारिश-बिजली गिरने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान इन जिलों में 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस सीवान जिले के जीरादेई में दर्ज किया गया। वहीं, 37.3 डिग्री सेल्सियस के साथ कैमूर सबसे गर्म रहा। राज्य के पश्चिमी और मध्य क्षेत्र में सामान्य रहेगा मौसम वहीं, राज्य के पश्चिमी और मध्य हिस्सों के जिलों में फिलहाल कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। इनमें गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, समस्तीपुर, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद और अरवल शामिल हैं। दूसरी तरफ मौसम विभाग के अनुसार उत्तर बिहार के पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज, जबकि पूर्वी बिहार के कटिहार, पूर्णिया, भागलपुर, बांका और जमुई में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। खराब मौसम में खुले में नही जाने की सलाह मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग का कहना है कि गरज-चमक हो या बिजली गिरे तो खुली जगहों में जाने से बचे। पेड़ या बिजली के खंभों के पास खड़े न हों। तेज हवा के दौरान कमजोर ढांचों या टिन शेड से दूरी बनाकर रखें। किसानों और आम लोगों से मौसम के ताजा अपडेट पर नजर रखने की अपील की गई है।