आज की सबसे बड़ी खबर पटना से है। कल यानी सोमवार को जदयू विधायक और बाहूबली नेता अनंत सिंह जेल से बाहर निकलेंगे। इसको लेकर 3 लाख रसगुल्ले बनाए जा रहे हैं। राजद ने दावा किया है कि पीएचइडी मंत्री के खिलाफ कोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया है।चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, बिहार दिनभर में क्या कुछ खास रहा… टॉप 15 खबरें… 1. अनंत सिंह के स्वागत में 3 लाख रसगुल्ले बन रहे मोकामा से जदयू विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह को RJD नेता दुलारचंद हत्याकांड में पटना HC से जमानत मिल गई है। कल सोमवार को वो दोपहर 2 बजे जेल से बाहर आएंगे। उनका पटना स्थित आवास माल रोड पर भव्य स्वागत किया जाएगा। वही, अगले दिन यानी 24 मार्च को सुबह 8 बजे बड़हिया महारानी स्थान जाएंगे, जहां वे पूजा-अर्चना करेंगे। वहां से अपने घर बाढ़ जाएंगे। इस दौरान रास्ते में कई जगह उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। पूरी खबर पढ़ें 2. PHED मंत्री के खिलाफ कोर्ट ने जारी किया गिरफ्तारी वारंट मुकेश रोशन ने बिहार सरकार के PHED मंत्री संजय सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मुकेश रोशन का कहना है कि मंत्री संजय सिंह के खिलाफ छत्तीसगढ़ के एक न्यायालय ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। इसके बावजूद वे मंत्री पद पर बने हुए हैं और सरकारी सुविधाओं का लाभ उठा रहे हैं। पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि यह संविधान और न्याय व्यवस्था का खुला उल्लंघन है। संजय सिंह महुआ विधानसभा क्षेत्र से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के टिकट पर पहली बार विधायक बने हैं। पूरी खबर पढ़ें 3. पटना से लेकर लंदन तक बिहार दिवस की धूम बिहार आज अपना 114वां स्थापना दिवस मना रहा है। इस मौके पर राज्य के अलग-अलग जिलों में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। 22 से 24 मार्च तक चलने वाले तीन दिवसीय महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी। आयोजन का मुख्य स्थल गांधी मैदान है। यहां पहले दिन बॉलीवुड सिंगर सोना महापात्रा फ्यूजन शैली से समां बांधेंगी। 23 मार्च को फेमस बॉलीवुड सिंगर शान, जबकि 24 मार्च को पापोन समापन समारोह को यादगार बनाएंगे। पूरी खबर पढ़ें 4. बाथरूम में फंदे में लटकी मिली महिला कॉन्स्टेबल सुपौल में एक महिला कॉन्स्टेबल की लाश बाथरूम में फंदे से लटकी मिली। किशनपुर ब्लॉक परिसर के सभा भवन के बाथरूम से शनिवार रात बॉडी मिली है, जो फिलहाल इस्तेमाल में नहीं था। महिला सिपाही की मौत से पुलिस महकमे में हड़कंप है। मौके पर FSL की टीम, कोसी रेंज के DIG आशीष समेत जिले के अन्य पुलिस अधिकारी पहुंचकर जांच की। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। मृतका की पहचान आरा जिले के पटखौली गांव की रितु कुमारी (22) के रूप में हुई है। पूरी खबर पढ़ें 5. बीच सड़क पर पटना पुलिस की मेडिकल ट्रीटमेंट पटना के मीठापुर बाईपास पर तैनात ट्रैफिक पुलिस के एक कांस्टेबल ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए एक CISF जवान की जान बचा ली। मीठापुर बाईपास पर यह घटना हुई, जहां जवान अचानक अचेत होकर सड़क पर गिर पड़ा। अचेत हुए व्यक्ति की पहचान नवादा जिले के रहने वाले कुंदन के रूप में हुई है, जो CISF में कांस्टेबल हैं। बताया जा रहा है कि उनकी तबीयत पहले से खराब थी और वे अस्पताल जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में वे बेहोश होकर गिर पड़े। पूरी खबर पढ़ें 6. ईद पर पत्नी ने मांगे नए कपड़े,पति ने की हत्या पटना सिटी में एक पति ने चाकू से गोद कर पत्नी की हत्या कर दी। बताया जाता है कि वारदात से पहले उसने अपने दो बच्चों को कमरे में बंद किया। फिर चाकू से तबाड़तोड़ हमला कर लहूलुहान हालत में पत्नी को छोड़कर फरार हो गया। जबतक परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, उसकी मौत हो गई। पति-पत्नी में ईद पर नए कपड़े और पैसों को लेकर बहस हुई थी। वारदात ईद की रात आलमगंज थाना क्षेत्र में परिवेश मार्केट मोड़ के पास की है। मृतका की पहचान जेबा खातून (24) के तौर पर हुई है। हत्या का आरोप पति मोहम्मद सोनू पर लगा है। पूरी खबर पढ़ें 7. वैभव सूर्यवंशी बल्ला छोड़ हाथ में कैमरा लिए दिखे 28 मार्च से आईपीएल 2026 की शुरुआत हो रही है। इसमें बिहार के कई खिलाड़ी नजर आने वाले हैं। राजस्थान रॉयल्स के प्लेयर वैभव सूर्यवंशी भी मैदान में प्रैक्टिस कर रहे हैं। इन दिनों वह हाथ में बल्ला छोड़कर कैमरा लिए हुए दिख रहे हैं, जिसका वीडियो खुद उनकी फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स ने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किया है। इस वीडियो में वैभव किसी से कहते हुए दिख रहे हैं कि, कुछ तो काम कर लूं, टाइम पास करने से अच्छा है। फिर वह हाथ में कैमरा और गिंबल ले लेते हैं। पूरी खबर पढ़ें 8. नहाय-खाय के साथ चैती छठ महापर्व आज से शुरू चैती छठ की आज से शुरुआत हो चुकी है। नहाए खाए के साथ चार दिवसीय अनुष्ठान का संकल्प लिया गया है। गंगा घाटों को तैयार किया जा चुका है। वहीं, जो भी छठ व्रती गंगा घाट तक नहीं पहुंच सकेंगी, उनके लिए आसपास के पार्क और तालाब तैयार किए जा रहे हैं। इसके लिए पटना जू की झील को भी तैयार किया जा रहा है। यहां अस्थाई घाट बनाए जा रहे हैं, जिससे छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा करने में आसानी हो सके। पूरी खबर पढ़ें 9. भागलपुर का आर्मी जवान भोपाल में शहीद भागलपुर के आर्मी जवान नीरज कुमार (34) सड़क हादसे में शहीद हो गए। रविवार की सुबह उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव सबौर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर लाया गया। गांव में सेना की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। छोटे बेटे नयन (10) ने शहीद पिता को मुखाग्नि दी है। बताया जा रहा है कि नीरज कुमार भोपाल में आर्मी मेडिकल कोर के हवलदार थे। 16 मार्च को बाइक से ड्यूटी पर आर्मी अस्पताल जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक पिछल गया और खाई में गिर गए। पूरी खबर पढ़ें 10. मुजफ्फरपुर में धरना-प्रदर्शन करेंगे पप्पू यादव मुजफ्फरपुर में जगतवीर राय(55) मौत मामले में सियासत तेज हो गई। परिजनों का आरोप है कि पुलिस की गोली से जगतवीर राय की मौत हुई है। इस मामले में पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव धरना-प्रदर्शन करेंगे। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेंगे। सोशल मीडियो पर उन्होंने लिखा, “न्याय के लिए एकजुट हों, अन्याय के खिलाफ आवाज उठाएं, आपकी भागीदारी ही हमारी ताकत है।” प्रदर्शन को लेकर गांव और आसपास के इलाकों में प्रशासन अलर्ट मोड में हैं। पूरी खबर पढ़ें 11. पटना-रांची जनशताब्दी एक्सप्रेस के पहिए में लगी आग पटना-रांची जनशताब्दी एक्सप्रेस में रविवार सुबह हड़कंप मच गया। बंधुआ स्टेशन के पास ट्रेन के एक कोच के पहिए से आग और धुआं निकलने लगा। यह नजारा देखते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री डर के मारे कोच छोड़ बाहर भागने लगे। घटना सुबह करीब 10 बजे की है। जानकारी के मुताबिक ब्रेक बाइंडिंग के कारण ब्रेकवैन से तीसरे कोच, बी-16 (बोगी नंबर EC 246998) के पहिए से धुआं और आग की लपटें उठने लगी। स्थिति को भांपते ही लोको पायलट ने तुरंत ट्रेन रोक दी। पूरी खबर पढ़ें 12. वार्ड पार्षद के पति की मौत,’जहर देकर मर्डर हुआ है’ मुजफ्फरपुर के कटरा थाना क्षेत्र में वार्ड पार्षद के पति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतक की पहचान उमेश सहनी उर्फ गोरख सहनी के रूप में हुई है, जो पहसौल गांव (वार्ड नंबर-11) निवासी और वार्ड सदस्य रूपा कुमारी के पति थे। मृतक के भतीजा ने बताया, शनिवार देर शाम उमेश सहनी अपने दोस्तों के साथ पार्टी में शामिल हुए थे। इसके बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों के अनुसार, उन्हें आनन-फानन में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पूरी खबर पढ़ें 13. एकतरफा प्यार में आशिक ने महिला को चाकू गोदा पटना के जक्कनपुर इलाके के बंगाली कॉलोनी में शादीशुदा महिला की चाकू गोद कर हत्या कर दी गई है। मृतका की पहचान संतोष कुमार की पत्नी मुन्नी देवी (35 वर्ष) के तौर पर हुई है। इस चाकूबाजी की घटना में मृतका की नाबालिग बेटी भी घायल हो गई है, जिसे हाथ और बाजू में चोट लगा है। फिलहाल, बच्ची का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। पूरी खबर पढ़ें अब वो खबर जो हटकर है 14. खान सर से मिलने के लिए 500 किमी पैदल यात्रा उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के छात्र प्रवीण चौधरी ने पटना में प्रसिद्ध शिक्षक खान सर से मिलने के लिए लगभग 500 किलोमीटर की पैदल यात्रा शुरू की है। उनका उद्देश्य संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) परीक्षा की तैयारी के लिए मार्गदर्शन प्राप्त करना है। प्रवीण ने यह यात्रा 9 मार्च को प्रतापगढ़ से शुरू की थी। 22 मार्च, रविवार की सुबह वह बिहार के बक्सर जिले के चौसा पहुंचे, जो उनकी यात्रा का 13वां दिन था। पूरी खबर पढ़ें जानिए कल प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम 15. कल पूरे बिहार में मौसम सामान्य रहेगा कल पूरे बिहार में मौसम सामान्य बना रहेगा। कही भी बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि, 26 मार्च तक गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी।