नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर पटना से है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने विधानसभा की कार्यवाही का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किया है। वीडियो में मुख्यमंत्री सदन में अपनी सीट के आगे लगे टैब मॉनिटर को उल्टा मोड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, बिहार दिनभर में क्या कुछ खास रहा… टॉप 15 खबरें… 1. पवन सिंह-खेसारी लाल की लड़ाई में कूदे मनोज तिवारी भोजपुरी गायक और भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने होली के मौके पर नया गाना रिलीज किया है, जिसमें उन्होंने त्योहार के रंगों के साथ राजनीति का तड़का भी लगा दिया है। गाने का नाम है – ‘होलरिया..’। इतना ही नहीं, मनोज तिवारी ने अपने इस नए गाने के जरिए भोजपुरी इंडस्ट्री के कलाकारों पर भी तंज कसा है। गाने के अंतरे में वे गाते हैं- “खेतवा में पावर दिखावे पवनवा”,गड्ढवा में कुदल खेसरिया।” पूरी खबर पढ़ें 2. NEET छात्रा मौत केस-CBI ने मामी से की पूछताछ पटना के NEET छात्रा रेप–मौत मामले में छात्रा की मामी से CBI ने पूछताछ की है। इस दौरान मामी ने जांच एजेंसी को कई अहम जानकारियां दीं। मामी ने CBI से कहा कि प्रभात मेमोरियल हॉस्पिटल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जाए, क्योंकि वहां से महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं। पूरी खबर पढ़ें 3. मटुकनाथ बोले- जूली से सिर्फ बातें होती, वैसा प्यार नहीं वेलेंटाइन वीक के खत्म होने के बाद बिहार के लव गुरु यानी मटुकनाथ इन दिनों अपने एक फेसबुक पोस्ट को लेकर चर्चा में हैं। पोस्ट पर मटुकनाथ ने जो कुछ लिखा, उससे कयास लगाए जाने लगा कि वे एक बार फिर से प्यार में हैं। क्या सच में प्रोफेसर मटुकनाथ चौधरी एक बार फिर से प्यार में हैं, क्या जूली से उनकी अभी भी बातचीत होती है, मटुकनाथ का पत्नी और बच्चों से बातचीत होती है? पूरी खबर पढ़ें 4. तेजस्वी ने CM नीतीश के स्वास्थ्य पर उठाए सवाल नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने विधानसभा की कार्यवाही का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किया है। वीडियो में मुख्यमंत्री सदन में अपनी सीट के आगे लगे टैब मॉनिटर को उल्टा मोड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो शेयर करते हुए तेजस्वी ने लिखा, सदन में लगे टैब मॉनिटर को सीएम ने पहले नमस्कार किया, फिर दोबारा नमस्कार किया और फिर मशीन से माफी मांगते हुए उसकी गर्दन मोड़ दी। पूरी खबर पढ़ें 5. ठंडी गई, इस साल 30 दिन ज्यादा पड़ेगी गर्मी ग्लोबल वार्मिंग और वेस्टर्न डिस्टरबेंस लंबा नहीं चलने से बिहार में गर्मी 10 दिन पहले आ गई है। फरवरी में ही मार्च जैसे मौसम का अहसास हो रहा है। होली के बाद मई वाली तपिश मार्च में ही होगी। मौसम विभाग के मुताबिक, इस साल गर्मी 30 दिन ज्यादा पड़ेगी। लू वाले दिनों की संख्या अधिक होगी। हीटवेव का खतरा शहरों में ज्यादा, गांवों में कम होगा। पूरी खबर पढ़ें 6. विधानसभा में ‘हाथी’ वाला तंज, ‘बंदर’ से पलटवार डिप्टी सीएम और गृहमंत्री सम्राट चौधरी ने विधानसभा में बिना नाम लिए सांसद पप्पू यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज पुलिस के डर से हाथी भी बीमार होकर हॉस्पिटल जाना चाहता है। इसपर सांसद पप्पू यादव ने पटलवार किया और सोशल मीडिया X पर पोस्ट कर लिखा- ‘नाबालिग था, अब बंदर बन गया है। इस बंदर के हाथ में बिहार है। पूरी खबर पढ़ें 7. ‘शादी की, अब धोखा दे रहा, मैं जान दे दूंगी “मैडम, मेरे दरवाजे पर 27 अक्टूबर 2025 से एक महिला जबरन डेरा डालकर बैठी है। वह दावा कर रही है कि मैंने उससे शादी की है, जबकि यह सरासर झूठ है। मेरी मां सरपंच पद का चुनाव लड़ चुकी हैं। राजनीतिक द्वेष के चलते कुछ ग्रामीण उसका साथ दे रहे हैं। पिछले चार महीनों से मेरा पूरा परिवार प्रताड़ना झेल रहा है। मुझे और मेरे परिवार को बचाइए।” यह गुहार समस्तीपुर के भादोघाट गांव निवासी सुनील कुमार ने लगाई है। पूरी खबर पढ़ें 8. मैट्रिक परीक्षा देने आ रही गर्भवती महिला की मौत वैशाली में शुक्रवार को मैट्रिक एग्जाम देने आ रही गर्भवती महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई। महिला के पति और दो साल की बेटी घायल है। घटना हाजीपुर-जंदाहा मुख्य मार्ग की है। मृतक महिला की पहचान महनार थाना क्षेत्र के नारायणपुर डेड़पुरा गांव निवासी रवि कुमार की पत्नी काजल कुमारी (22) के रूप में हुई है। काजल कुमारी छह महीने की गर्भवती थीं। पूरी खबर पढ़ें 9. ‘बहू, बेटे से रुपए छीनकर मायके भेजती थी बेगूसराय के सिंघौल थाना क्षेत्र के इटवा मोहल्ले में 30 साल के राजीव कुमार की गुरुवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के पिता रामाशीष सिंह ने 30 साल की बहू पूर्वी पर हत्या का आरोप लगाया है। पिता का कहना है, “राजीव के पास पैसे की इतनी तंगी हो गई थी कि करीब छह महीने पहले उसने अपने हिस्से की जमीन भी 4 लाख रुपए में बेच दी थी।” पूरी खबर पढ़ें
10. सात निश्चय-3 से सड़क सुरक्षा को नई दिशा राज्य में नई सरकार के गठन के बाद लागू किए गए सात निश्चय-3 (2025-30) के तहत अब सड़कों पर पैदल चलने वाले नागरिकों के सम्मान और सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है। सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ (Ease of Living) के अंतर्गत सरकार ने पैदल यात्रियों की गरिमा (Dignity of Pedestrians) सुनिश्चित करने के लिए कई ठोस फैसले लिए हैं। पूरी खबर पढ़ें 11. खेसारी बोले: मैथिली ठाकुल को ज्ञान-अनुभव की कमी भोजपुरी इंडस्ट्री के चर्चित अभिनेता-गायक खेसारी लाल यादव ने गायिका मैथिली ठाकुर की ओर से लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव को ‘दुर्योधन’ और ‘धृतराष्ट्र’ कहे जाने के पर तीखी टिप्पणी की है। खेसारी ने कहा कि कम उम्र में यदि बड़ी उपलब्धि मिल जाती है तो कई बार व्यक्ति संतुलन खो देता है। ज्ञान-अनुभव की कमी में लोग ऐसे शब्दों का प्रयोग कर बैठते हैं। पूरी खबर पढ़ें 12. समस्तीपुर के रसलपुर पत्थर घाट पर नाव पलटी, मजदूरों ने बचाई जान समस्तीपुर के रसलपुर पत्थर घाट पर कटावरोधी कार्य के दौरान गंगा में नाव पलट गई। नाव पर सवार मजदूरों ने कूदकर अपनी जान बचाई। इसका वीडियो भी सामने आया है। नाव पर बालू से भरी बोरियां लोड थी। ओवरलोड के कारण घाट के किनारे पलट गई। हादसे में कोई जानी नुकसान की खबर नहीं है। घटना मोहनपुर प्रखंड क्षेत्र की है। पूरी खबर पढ़ें 13. दरभंगा में प्राइमरी स्कूल के क्लासरूम में मिली लाश दरभंगा के नगर थाना क्षेत्र स्थित इमलीघाट पुल के पास एक प्राथमिक विद्यालय के क्लासरूम में एक युवक का शव मिला है। स्कूल खुलते ही शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने जब अंदर युवक को फंदे से लटका देखा। सूचना मिलते ही नगर थाना दरभंगा की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। पूरी खबर पढ़ें अब वो खबर जो हटकर है 14. तीसरी शादी कर रहा था युवक, पहली पत्नी पुलिस संग पहुंची पश्चिमी चंपारण के दुर्गाबाग मंदिर परिसर में उस समय हंगामा मच गया जब एक व्यक्ति अपनी तीसरी शादी कर रहा था और उसकी पहली पत्नी पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखते ही आरोपी पति अनिल सहनी फरार हो गया। आरोपी की पहचान पश्चिमी चंपारण के अरेराज मलाई टोला निवासी अनिल सहनी के रूप में हुई है। पूरी खबर पढ़ें अब चलते-चलते एक नजर कल के मौसम पर 15. बिहार में कल सामान्य बना रहेगा मौसम बिहार में कल यानी रविवार को मौसम सामान्य बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार अगले सात दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी क्षेत्रों से आ रहे प्रभाव के कारण राज्य के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है।