नमस्कार आज की सबसे बड़ी खबर पटना से है। राजद और जदयू में ट्विटर वार शुरू हो गया है। राजद ने सीएम नीतीश को जिंदा लाश बताया तो जदयू ने पलटवार करते हुए लिखा- काश ऐसा ‘लाश’ तुम्हारा बाप होगा। वहीं, STF ने कुख्यात को दौड़ाकर गोली मारी है। इसके साथ ही समस्तीपुर में छात्र का अगवा कर पकड़ौवा विवाह करवाया गया।चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, बिहार दिनभर में क्या कुछ खास रहा… टॉप 15 खबरें… 1. RJD ने CM नीतीश कुमार को बताया ‘जिंदा लाश’ बिहार की राजनीति में एक बार फिर सोशल मीडिया वॉर तेज हो गया है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और जनता दल यूनाइटेड (JDU) के बीच तीखी बयानबाजी हो रही है। दोनों दलों ने अपने X अकाउंट से एक-दूसरे पर कड़े शब्दों में हमला किया है। RJD ने X पर पोस्ट किया, जिंदा लाश कुछ समय और अगर गद्दी पर बैठा रहा तो बिहार जिंदा मुर्दा हो जाएगा। इससे जवाब में JDU ने भी पोस्ट किया- ‘खुद को गलाकर, बिहार में जान फूंक दी। नर्क से निकाल, सपनों का बिहार रच दिया। काश ऐसा ‘लाश’ तुम्हारा बाप होगा, कम से कम बिहार अपना अस्तित्व तो न खोता। पूरी खबर पढ़ें 2. कुख्यात सूर्या डॉन एनकाउंटर में घायल, पैर में लगी गोली पटना में बुधवार को STF और अपराधियों की बीच मुठभेड़ हुई है। इस एनकाऊंटर में राजीव कुमार ऊर्फ सूर्या श्री को गोली लगी है। उसे NMCH में भर्ती कराया गया है। राजीव पर लूट, डकैती, अवैध हथियार रखने, चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त, धोखाधड़ी और शराब तस्करी समेत 24 से अधिक केस दर्ज हैं। वो खाजेकला थाना इलाके का रहने वाला है। उस पर पुलिस ने 25 हजार का इनाम रखा था। STF को सूचना मिली थी कि राजीव गायघाट इलाके में छिपा हुआ है और बड़ी वारदात को अंजाम देने की प्लानिंग कर रहा है। STF और पटना पुलिस की टीम ने राजवी को घेर लिया। पूरी खबर पढ़ें 3. जाति विशेष के अपराधियों को निशाना बनाया जा रहा है सदन के बाहर राजद विधायक भाई वीरेन्द्र ने एनकाउंटर का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, ‘एक जाति के लोग अपराधी नहीं है। अपराधी हर जाति में हैं, लेकिन सरकार ऐसे लोगों को अपने बगल में बैठाकर हत्या, लूट करवा रही है। सरकार एक जाति और एक समुदाय के पीछे लगी है।’ JDU MLC और पूर्व मंत्री श्याम रजक ने कहा, ‘अपराधी की कोई जाति नहीं होती। ऐसे लोगों को बिहार छोड़ना पड़ेगा।’ पटना में आज सुबह STF से मुठभेड़ में सूर्या डॉन के पैर में गोली लगी है। नई सरकार में ये 10वां एकनाउंटर है। पूरी खबर पढ़ें 4. ज्योति सिंह बोलीं- पवन सिंह के साथ रहना चाहती हूं तलाक केस में ज्योति सिंह बुधवार को आरा सिविल कोर्ट स्थित कुटुंब न्यायालय में पहुंची। पवन सिंह कोर्ट नहीं पहुंचे। उनके वकील ने बताया कि वो अस्पताल में भर्ती हैं। अब मामले की अगली सुनवाई 24 फरवरी को होगी। इधर, जज के सामने आज ज्योति सिंह ने कहा है कि मैं अपने पति के साथ ही रहना चाहती हूं। कोर्ट में ही ज्योति सिंह ने पवन सिंह का थोड़ी देर इंतजार किया। वो नहीं पहुंचे। इसके बाद ज्योति सिंह कोर्ट से भावुक होकर निकलीं। तलाक से जुड़े इस मामले में कोर्ट में रिकॉन्सिलिएशन यानी सुलह की प्रक्रिया जारी है, ताकि दोनों पक्ष आपसी मतभेद को खत्म कर किसी समझौते पर मामला पहुंच सकें। पूरी खबर पढ़ें 5. छात्र को अगवा कर पकड़ौवा विवाह, जबरन भरवाई मांग समस्तीपुर में एक छात्र नीतीश कुमार (22) का अपहरण कर पकड़ौआ विवाह करा दिया गया। नीतीश शनिवार सुबह 10 बजे लाइब्रेरी में पढ़ने के लिए गया था। पीड़िता का कहना है कि, लाइब्रेरी से निकलने के बाद 2 दोस्तों के साथ कोल्ड ड्रिंक पीने गया था। दोस्तों ने कोल्ड ड्रिंग में नशे की गोली मिलाकर पिला दी। नीतीश कुमार ने बताया कि,नशे की हालत में मेरी शादी करवा दी गई। शादी के वक्त मुझे होश नहीं था, बेहोशी की हालत में लड़की की मांग भरवाई गई। नशा इतना था कि शादी के दौरान वो उल्टी करता रहा। शादी के बाद उसे एक कमरे में कैंद कर दिया गया। पूरी खबर पढ़ें 6. सिविल कोर्ट को छठवीं बार बम से उड़ाने की धमकी पटना, दानापुर और किशनगंज सिविल कोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। बुधवार सुबह मेल के जरिए धमकी दी गई है। मेल में लिखा है कि, ‘ठीक 1 PM बजे आपके कोट परिसर में 5 बम धमाके होंगे। पाकिस्तान-कनमोझी जिंदाबाद!’। एहतियात के तौर पर कोर्ट परिसर को खाली करा लिया गया। फिलहाल, पुलिस ने कोर्ट परिसर को बंद कर दिया है और किसी भी को भी अंदर नहीं जाने दे रही है। पटना सिविल कोर्ट में आज पप्पू यादव के मामले पर सुनवाई होनी थी। लेकिन इस धमकी के बाद सुनवाई को टाल दिया गया है। ये छठी बार है जब पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। पूरी खबर पढ़ें 7. बिहार में ‘जन-गण-मन’ से पहले ‘वंदे मातरम्’ का विरोध अब राष्ट्रगान ‘जन-गण मन’ से पहले राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ गाना होगा। केंद्र ने सरकार ने इसे लेकर नए दिशानिर्देश जारी किए हैं। सरकार के इस आदेश के बाद सरकारी कार्यक्रमों, स्कूलों या अन्य औपचारिक आयोजनों में ‘वंदे मातरम’ बजाया जाएगा। इस दौरान हर व्यक्ति का खड़ा होना अनिवार्य होगा। केंद्र के इस फैसले के बाद बिहार में विपक्ष के नेता विरोध जा रहे हैं। विपक्ष का कहना है कि किसी भी परिस्थिति में पहले राष्ट्रगान ही होना चाहिए। अगर बीजेपी ऐसा कोई फैसला लेती है तो वो अनुचित है। विपक्ष ने यहां तक कह दिया कि जो लोग इस तरह के आदेश दे रहे हैं वे अंग्रेजों के दलाल हैं। पूरी खबर पढ़ें 8. सड़क हादसे में 3 बारातियों की मौत, दर्जनों घायल मोतिहारी में मंगलवार रात सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। यह दुर्घटना घोड़ासहन थाना क्षेत्र के ढाका-घोड़ासहन मुख्य पथ पर महादेवा के पास हुई। बारात में शामिल होने जा रही एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और वह करीब 20 मीटर दूर जा गिरा। हादसे में स्कॉर्पियो सवार तीनों व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान राजेपुर थाना क्षेत्र के 55 वर्षीय विनोद प्रसाद, उनके चचेरे भाई अनिल प्रसाद(35) और उपमुखिया गजेंद्र दास(40) के रूप में हुई है। ये तीनों एक ही गांव के निवासी थे। पूरी खबर पढ़ें 9. सरपंच ने स्कॉर्पियो से बीजेपी नेता समेत दो को कुचला भोजपुर जिले के गीधा थाना क्षेत्र के शिवनगर के पास मंगलवार को स्कॉर्पियो सवार सरपंच ने पूर्व के विवाद में बाइक सवार बीजेपी नेता समेत 2 लोगों टक्कर मार दी। भाजपा रौंदने की कोशिश की गई, लेकिन अनियंत्रित होकर स्कॉर्पियो पेड़ से टकरा गई। स्कॉर्पियो सवार सरपंच गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए। हादसे में भाजपा नेता समेत 2 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इसके बाद उन्हें अन्य दोस्तों ने इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल पहुंचाया। पूरी खबर पढ़ें 10. वेलेंटाइन डे पर पार्क-कॉलेज में अश्लीलता बर्दाश्त नहीं हिंदू शिवभवानी सेना ने 14 फरवरी वेलेंटाइन डे को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए प्रशासन से सार्वजनिक स्थानों पर विशेष निगरानी रखने की मांग की है। संगठन ने कहा है कि पार्कों, कॉलेज परिसरों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर वेलेंटाइन डे के नाम पर किसी भी प्रकार की अश्लीलता या फूहड़ता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि वेलेंटाइन डे के बहाने कुछ लोग समाज में गलत प्रवृत्तियों को बढ़ावा देते हैं। हालांकि, प्रशासन की ओर से अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। पूरी खबर पढ़ें 11. बुलडोजर एक्शन पर भड़के लोग, प्रशासन से झड़प भागलपुर के शाहकुंड प्रखंड में बिहार सरकार की जमीन पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का बुलडोजर लगातार तीसरे दिन भी चला। असरगंज मोड़ से लेकर मुख्य बाजार तक आज व्यापक स्तर पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान सरकारी जमीन को खाली कराया गया। प्रशासन की टीम का नेतृत्व आईएएस अधिकारी जतिन कुमार कर रहे थे। उन्होंने बताया कि पूर्व में चिन्हित अतिक्रमणकारियों को नोटिस के माध्यम से सूचना दी गई थी और स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए एक दिन का समय भी दिया गया था। पूरी खबर पढ़ें 12. नकाबपोश बदमाशों ने पति-पत्नी को मारी गोली कटिहार के कदवा थाना क्षेत्र में मंगलवार रात अज्ञात अपराधियों ने एक दंपती पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, कदवा थाना अंतर्गत महम्मदपुर पंचायत के सांझेली गांव स्थित घोघरी पुल के समीप बड़कू शर्मा (28) और उनकी पत्नी काजल देवी (27) पर पहले से घात लगाए तीन नकाबपोश अपराधियों ने हमला कर दिया। पूरी खबर पढ़ें 13. संपत्ति हड़पने के लिए पत्नी ने करवाई पति की हत्या बेगूसराय में संपत्ति हड़पने के लिए पत्नी ने अपने पति भूषण सिंह (46) की हत्या करवा दी। मर्डर में महिला समेत 5 लोग शामिल हैं। जिसमें 2 इंटर के स्टूडेंट भी हैं, दोनों जुड़वां भाई हैं। जिन्होंने 9 फरवरी की सुबह एग्जाम दिया और शाम में अपने पिता के साथ मर्डर करने निकले। दोनों नाबालिग छात्रों को पुलिस ने पकड़ लिया है। इसके अलावा एक पड़ोस के गांव का व्यक्ति है। इन्हें महिला ने रुपए का लालच दिया था। पूरी खबर पढ़ें अब वो खबर जो हटकर है 14. नशे में डॉक्टर साहब ने किया मंत्री लेसी सिंह का इलाज भागलपुर के बिहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में मंत्री लेसी सिंह की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल लाया गया। जांच के दौरान ब्लड प्रेशर की रिपोर्ट को लेकर एएनएम और डॉक्टर के बीच भारी विरोधाभास सामने आया। इस पर मंत्री ने ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर पर नशे में रहने का गंभीर आरोप लगा दिया। मंत्री का ब्लड प्रेशर पहले एएनएम की ओर से 190/150 बताया गया। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने जांच के बाद बीपी 150/80 बताया। दोनों रिपोर्ट में भारी अंतर देख मंत्री ने दोबारा जांच करवाने का निर्देश दिया। दूसरी बार भी एएनएम की रिपोर्ट 190/150 ही बताई गई। पूरी खबर पढ़ें अब चलते-चलते एक नजर कल के मौसम पर 15. बिहार में मौसम रहेगा सामान्य बिहार के सभी जिलों में मौसम सामान्य रहेगा। हालांकि, सुबह के समय हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं, दिन में धूप निकलेगी, जिससे अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस बढ़ोत्तरी हो सकती है।