नमस्कार आज की सबसे बड़ी खबर जहानाबाद से है। यहां 5 साल के UKG के छात्र की हॉस्टल के अंदर चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। मृतक छात्र की पहचान बुलाकी बीघा गांव के धनंजय कुमार के बेटे आशु कुमार के रूप में हुई है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, बिहार दिनभर में क्या कुछ खास रहा… टॉप 15 खबरें… 1. हॉस्टल में UKG के छात्र की हत्या, गर्दन पर चाकू के निशान जहानाबाद में 5 साल के UKG के छात्र की हॉस्टल के अंदर चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। मृतक छात्र की पहचान बुलाकी बीघा गांव के धनंजय कुमार के बेटे आशु कुमार के रूप में हुई है। आशु के पिता का कहना है कि, सोमवार की सुबह 6 बजे हॉस्टल से फोन आया कि आपके बेटे की तबीयत खराब है। जब हम लोग हॉस्टल पहुंचे तो देखा कि आशु के गर्दन और आंख पर चाकू से वार के निशान हैं। पूरी खबर पढ़ें 2. नालंदा में बिहार ATS-NIA की रेड, 7 घंटे की छापेमारी हथियारों की तस्करी और संदिग्ध नेटवर्क के खिलाफ राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और बिहार ATS ने नालंदा के 6 ठिकानों पर छापेमारी की। यह पूरी कार्रवाई मो.परवेज नामक कुख्यात तस्कर की गिरफ्तारी और उसके मोबाइल से मिले सुरागों के आधार पर की गई है। पूरी खबर पढ़ें 3. ‘बिहार के मुख्यमंत्री निशांत कुमार जिंदाबाद’ पटना में विधान परिषद गेस्ट हाउस का सीएम नीतीश कुमार ने फीता काटकर उद्घाटन किया। गेस्ट हाउस के उद्घाटन के बाद नीतीश कुमार के सामने ही जदयू कार्यकर्ताओं ने ‘निशांत कुमार सीएम जिंदाबाद’ के जमकर नारे लगाए। सीएम नीतीश कुमार मुस्कुराते हुए कार्यकर्ताओं का अभिवादन करते हुए आगे बढ़ गए। पूरी खबर पढ़ें 4. जलती चिता से महिला की लाश उठा ले गई पुलिस वैशाली में एक महिला की लाश जलती चिता बुझाकर पुलिस ले गई। मृत महिला के घर वालों का आरोप है कि उनकी बेटी को ससुराल वालों ने पहले जिंदा जलाने की कोशिश की गई। वो बच गई तो अस्पताल में जहर का इंजेक्शन दिलवाकर मार दिया गया। फिर गंडक नदी के किनारे आनन-फानन में उसका अंतिम संस्कार किया जा रहा था, तभी मायके वाले पुलिस को लेकर पहुंच गए। पूरी खबर पढ़ें 5. मधेपुरा में गर्ल्स हॉस्टल में छात्रा की मौत, ‘मैनेजमेंट की लापरवाही’ मधेपुरा में सोमवार अहले सुबह गर्ल्स हॉस्टल में 8वीं की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान संतोषी कुमारी (13) के रूप में हुई है। वह अपनी छोटी बहन अंशु कुमारी के साथ ग्वालपाड़ा स्थित कस्तूरबा गांधी गर्ल्स हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। पूरी खबर पढ़ें 6. पटना के गोपालपुर में दो बीघा जमीन को लेकर गोलीबारी पटना के गोपालपुर में बादशाही पइन के पास जमीन विवाद को लेकर दो गुटों के बीच गोलीबारी हुई। इस घटना में दो लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें पहले एक निजी नर्सिंग होम में में एडमिट कराया गया। अशके बाद गोनों को NMCH रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 15 राउंड गोली चलाई है। पूरी खबर पढ़ें 7. बक्सर में दो महिलाओं ने रचाई शादी, एक अविवाहित बिहार के बक्सर जिले के बगेन गोला थाना क्षेत्र से एक अनोखी प्रेम कहानी सामने आई है। यहां संध्या देवी और रूबी कुमारी ने सामाजिक परंपराओं को चुनौती देते हुए आपस में विवाह कर लिया है। इस घटना को लेकर इलाके में चर्चा बनी हुई है, जहां कुछ लोग इसे प्रेम की मिसाल मान रहे हैं, वहीं कई इसे सामाजिक मान्यताओं के खिलाफ बता रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें 8. BRA बिहार यूनिवर्सिटी के VC आवास पर सुतली बम फेंका मुजफ्फरपुर में रविवार की देर रात भीमराव अंबेडकर बिहार यूनिवर्सिटी (BRABU) के कुलपति (VC) दिनेश चंद्र राय के सरकारी आवास को निशाना बनाया गया। अज्ञात स्कूटी सवार बदमाशों ने कुलपति आवास के बाहर बम फेंके, जिससे पूरा इलाका दहल गया। गनीमत यह रही कि इस हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। पूरी खबर पढ़ें 9. भागलपुर में नाबालिग के शव को दफनाया, पुलिस ने निकलवाई लाश भागलपुर के पीरपैंती में खेत से एक नाबालिग की लाश बरामद की गई है। नाबालिग की लाश को करीब 5 फीट गहरे गड्ढे में दफनाया गया था। रविवार की शाम जब लोगों ने खेत में दरार देखी तो उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पूरी खबर पढ़ें 10. मुजफ्फरपुर में थानेदार का घूस लेते वीडियो वायरल मुजफ्फरपुर में बिहार पुलिस मुख्यालय की सख्ती के बावजूद भ्रष्टाचार का एक नया मामला सामने आया है। पीयर थाना के अपर थानेदार अभिनंदन कुमार का कथित तौर पर घूस लेते हुए एक वीडियो वायरल हुआ है। इस मामले में एसएसपी ने जांच के आदेश दिए हैं। पूरी खबर पढ़ें 11. CM के प्रोग्राम में हंगामा करने वाले 2 गिरफ्तार पटना में 30 मार्च 2026 को नए प्रशासनिक और शैक्षणिक भवन( कला संकाय) के उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित किया गया। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पटना यूनिवर्सिटी के कैंपस में पहुंचे थे। इसी दौरान पीयू कैंपस के अंदर छात्रों ने उपमुख्यमंत्री और मुख्यमंत्री के विरोध में नारेबाजी की थी। पूरी खबर पढ़ें 12. गयाजी में दो ट्रेनों पर पत्थरबाजी, इंजन का शीशा फोड़ा गयाजी में शनिवार की रात दो ट्रेनों पर हमले का मामला सामने आया है। पहली घटना मानपुर स्टेशन की है, जहां आक्रोशित यात्रियों ने ट्रेन के इंजन पर पत्थरों से हमला किया। वहीं, दूसरी घटना गुरारू स्टेशन का है, जहां 13350 पटना-सिंगरौली एक्सप्रेस के एसी कोच का शीशा टूटा हुआ पाया गया। पूरी खबर पढ़ें 13.औरंगाबाद में बर्थडे सर्टिफिकेट बनाने के नाम पर वसूली औरंगाबाद सदर अस्पताल में जन्म प्रमाण पत्र बनाने के नाम पर अवैध वसूली का मामला सामने आया है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें काउंटर पर मौजूद एक कर्मी पैसे लेते हुए दिखाई दे रहा है। आरोप है कि यह कर्मी स्वास्थ्य विभाग का कर्मचारी उमेश पासवान है, जो प्रमाण पत्र में सुधार के नाम पर पैसे की मांग कर रहा था। पूरी खबर पढ़ें अब वो खबर जो हटकर है 14. प्रेमी से शादी की जिद में टावर पर चढ़ी युवती मोतिहारी में रविवार को एक युवती प्रेम-प्रसंग के चलते मोबाइल टावर पर चढ़ गई। वह अपने प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी थी और करीब पांच घंटे तक नीचे उतरने से इनकार करती रही। घटना पिपरा थाना क्षेत्र के पशुरामपुर गांव की है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। पूरी खबर पढ़ें जानिए कल प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम 15. बिहार के ज्यादातर जिलों में गरज के साथ बारिश की संभावना बिहार के ज्यादातर जिलों में कल यानी मंगलवार को गरज के साथ बारिश हो सकती है। कई जगहों पर तेज हवाएं 50-60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलने की आशंका है।