नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर पटना से है। विधानसभा परिसर में राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि हिना शहाब को राज्यसभा भेजना चाहिए। वहीं, मधेपुरा में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। जबकि, पटना में रिसेप्शन पार्टी में दो भाइयों को गोलियों से भूना कर हत्या कर दी गई। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, बिहार दिनभर में क्या कुछ खास रहा… टॉप 15 खबरें… 1. ऑनलाइन गेमिंग को लेकर सरकार बनाएगी कानून बिहार विधानसभा में आज लंच ब्रेक के बाद बजट पर चर्चा हुई। इससे पहले सुबह की कार्यवाही के दौरान विधायक फंड बढ़ाने को लेकर विधानसभा में हंगामा हुआ। सरकार बच्चों के स्क्रीन टाइम को कम करने, ऑनलाइन गेम को नियंत्रित करने के लिए नया कानून बनाएगी। जदयू विधायक समृद्ध वर्मा के सवाल पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने ये बात कही। पूरी खबर पढ़ें 2. IPS सुनील नायक को राहत, कोर्ट ने नहीं दी ट्रांजिट रिमांड IPS एम. सुनील नायक को पटना सिविल कोर्ट से राहत मिली है। कोर्ट ने आंध्र प्रदेश पुलिस की ट्रांजिट रिमांड को खारिज कर दिया है। आंध्र पुलिस के पास ना गिरफ्तारी का वारंट था, न अपडेट केस डायरी। जिसके चलते कोर्ट ने कड़ी नाराजगी जाहिर की और सीधे रिमांड को रिफ्यूज कर दिया। साथ ही साथ जो पुलिस अफसर बिना वर्दी कोर्ट पहुंचे थे, उन्हें कोर्ट ने बैठा लिया गया, इनमें आंध्र पुलिस के तीन कर्मी भी शामिल हैं। ACJM 12 के कोर्ट में मामले की सुनवाई हुई। पूरी खबर पढ़ें 3. ऑनर किलिंगः बिन ब्याही मां-नवजात की हत्या मधेपुरा में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है, जहां 20 साल की बिन ब्याही मां की पिता और चाचा ने गला घोंटकर हत्या कर दी। वहीं, उसके प्रेमी ने नवजात का गला घोंटकर, उसे थैले में भरकर पुल से नीचे फेंक दिया। वारदात के बाद पिता-चाचा मामले को दबाने के लिए शव को अंतिम संस्कार के लिए भागलपुर ले जा रहे थे, लेकिन किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। जिसके बाद पुलिस ने युवती के शव को बरामद कर लिया। पूरी खबर पढ़ें 4. रिसेप्शन पार्टी में दो भाइयों को गोलियों से भूना पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर में रविवार रात जमीन विवाद में दो सगे भाइयों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। करीब एक दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, एक शादी के रिसेप्शन पार्टी में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। इसी दौरान अचानक फायरिंग शुरू हो गई, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। दोनों भाइयों को सिर, सीने और शरीर के ऊपरी हिस्से में 5-6 गोलियां मारी गईं। गोली लगने से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने हॉस्पिटल में दम तोड़ दिया। पूरी खबर पढ़ें 5. ‘बीजेपी में शामिल होना चाहते हैं पप्पू यादव’ गोड्डा से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने दावा किया है कि पूर्णिया सांसद पप्पू यादव भाजपा में शामिल होना चाहते थे। इस दावे के बाद पप्पू यादव ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा, “निशिकांत की पैदाइश से पहले हम कई बार सांसद रह चुके हैं।” साथ ही उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक अनुभव का हवाला दिया। दरअसल, हाल ही में अडाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडाणी देवघर दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने सांसद निशिकांत से मुलाकात की थी। दौरे को लेकर पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने तंज कसा, जिसके बाद से दोनों सांसद में जुबानी जंग छिड़ गई है। पूरी खबर पढ़ें 6. मैट्रिक परीक्षा, दूसरी पाली में इंग्लिश का एग्जाम बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा में आज दोनों पालियों में इंग्लिश का एग्जाम है। दोपहर 2 बजे से प्रदेश के 1699 सेंटर्स पर दूसरी पाली की परीक्षा शुरू हुई, जो शाम 5:15 बजे तक चली। दूसरी पाली में पटना के मिलर हाई स्कूल में परीक्षा देने के बाद मैट्रिक के छात्र बाहर निकले। वो आपस में ही मारपीट करने लगे। इस साल 15 लाख से ज्यादा बच्चे बोर्ड 10वीं के एग्जाम दे रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें 7. वांटेड को पकड़ने पहुंची STF की टीम पर हमला गयाजी में वांटेड अपराधी को पकड़ने गई एसटीएफ टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। दो जवानों से उनकी सर्विस पिस्टल छीन ली गई। इस हमले में तीन जवान घायल हो गए। बाद में पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाकर दोनों लूटी गई पिस्टल खेत से लावारिस हालत में बरामद कर ली। घायलों में मणि कांत दुबे, संतोष चौबे और नीरज पंडित शामिल हैं। नीरज पंडित की आंख में, जबकि दो जवानों के सिर में गहरी चोट है। मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। है। पूरी खबर पढ़ें 8. ‘घूसखोर पंडत’ के बाद ‘यादवजी की लव स्टोरी’ पर बवाल फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ को लेकर बवाल खड़ा हो गया है। इसमें एक विशेष जाति का जिक्र है। फिल्म के नाम को लेकर विवाद बढ़ने पर खेसारी लाल यादव ने इस मुद्दे पर खुलकर अपनी राय रखी। भोजपुरी के ट्रेडिंग स्टार खेसारी लाल यादव भड़क गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए फिल्म इंडस्ट्री में चल रही ‘सेलेक्टिव अप्रोच’ पर सवाल उठाया है। उन्होंने साफ शब्दों में लिखा कि, ‘अगर सिनेमा जगत के लोग एकजुट होकर फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ के नाम पर आपत्ति जताते हैं और उसका नाम हटवाते हैं तो उन्हें उसी तरह फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ के नाम पर भी एकजुट होना चाहिए। पूरी खबर पढ़ें 9. राज्यसभा की 4 सीटें NDA को मिलेंगी: रामदास अठावले केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास अठावले ने सोमवार को पटना के विद्यापति भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कई अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने बोधगया स्थित महाबोधि मंदिर के ट्रस्ट में बौद्ध प्रतिनिधियों को शामिल करने की मांग दोहराई। अठावले ने कहा कि, ‘हाल ही में वह बोधगया जाकर महाबोधि मंदिर में दर्शन किया। मंदिर का संचालन करने वाले ट्रस्ट में बौद्ध समुदाय के प्रतिनिधि होने चाहिए। दूसरे धर्म के लोगों को ट्रस्ट में शामिल नहीं किया जाना चाहिए।’ पूरी खबर पढ़ें 10. स्कूल जाने के लिए बच्चों को चलानी पड़ती है नाव नालंदा में सकरी नदी पर सीएम ग्रामीण सेतु योजना से 6.20 करोड़ में एक पुल बनना है। निर्माण कार्य शुरू होते ही ठप चुका है। पुल नहीं बनने सकुचीडीह और कसुचीसराय गांव के लोगों को हर दिन परेशानी होती है। ये दोनों गांव बिहार शरीफ से 30 किलोमीटर दूर गिरियक प्रखंड की गाजीपुर पंचायत में है। दोनों गांव में 1-1 हजार की आबादी है। इतनी बड़ी आबादी के लिए न पुल है, न नाव की अच्छी व्यवस्था और न ही प्रशिक्षित नाविक। पूरी खबर पढ़ें 11. बच्चा चोरी के शक में महिला की पिटाई समस्तीपुर में बच्चा चोरी के शक में ग्रामीणों ने एक महिला को पकड़ लिया। उसकी जमकर पिटाई कर दी। कुछ लोगों ने बीच-बचाव करके उसे कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के केवश निजामत गांव की है। महिला ने बताया कि विभूतिपुर के नरहन गांव की रहने वाली हूं। सवारी गाड़ी नहीं मिलने के कारण पैदल समस्तीपुर जा रही थी। रास्ते में एक युवक से लिफ्ट मांगकर उसकी बाइक पर बैठ गई। उसके पास एक बच्चा भी था। लख्खी चौक के पास पहुंचे तो युवक का व्यवहार सही नहीं लगा। मैं वहीं पर उतरकर पैदल जाने लगी तो कुछ लोगों ने मुझे पकड़कर पीटने लगे। पूरी खबर पढ़ें 12. दफादार-चौकीदारों का प्रदर्शन, बैरिकेडिंग तोड़ी पटना में सोमवार को दफादार और चौकीदारों ने अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। विभिन्न जिलों से सैकड़ों की संख्या में दफादार-चौकीदार गांधी मैदान के पास जेपी गोलंबर पहुंचे। दोपहर बाद प्रदर्शन उग्र हो गया। प्रदर्शनकारियों ने जेपी गोलंबर पर लगाई गई बैरिकेडिंग तोड़कर डाकबंगला चौराहा की ओर बढ़ने लगे। यहां पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का मुक्की हुई। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज कर सबको खदेड़ दिया। लाठीचार्ज के दौरान अफरा-तफरी मच गई। इससे आरा से आए चौकीदार प्रभु के सिर में चोट लग गई। उनको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरी खबर पढ़ें 13. नेपाल के वीरगंज में सांप्रदायिक हिंसा, सेना तैनात नेपाल के वीरगंज महानगरपालिका-11 के श्रीपुर क्षेत्र में रविवार शाम दो समुदायों के बीच हुई हिंसा के बाद तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। एक मामूली विवाद ने सांप्रदायिक रूप ले लिया, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नेपाल पुलिस और सशस्त्र प्रहरी बल के बाद नेपाल सेना को तैनात करना पड़ा। वीरगंज से बड़ी संख्या में लोग रक्सौल में खरीदारी करने आते हैं, लेकिन हिंसा के बाद रक्सौल बाजार में नेपाल से लोगों की आवाजाही कम हो गई है, जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है। पूरी खबर पढ़ें अब वो खबर जो हटकर है 14. ‘आपका रेट क्या है’, सुनते ही भड़कीं निशा उपाध्याय भोजपुरी सिंगर निशा उपाध्याय का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वो लाइव शो के दौरान एंकर को सैंडल से मारते हुए दिख रही हैं। बताया जा रहा है कि सिंगर परफॉर्मेंस के लिए तैयार हो रही थी। इसी दौरान एंकर ने उनके रेट को लेकर कमेंट कर दिया। एंकर ने मजाकिया अंदाज में कहा, “अब बारी है हमारी प्यारी निशा दीदी की। जोर से तालियां बजाइए और हां दीदी, आज का रेट क्या है? एक गाना दस हजार, दो गाने बीस हजार… या कुछ और?” यह बात सुनते ही निशा उपाध्याय भड़क गईं और सैंडल उतारकर एंकर को मारने के दौड़ पड़ीं। पूरी खबर पढ़ें जानिए कल प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम 15. बिहार में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ेगा तापमान बिहार में अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार फरवरी के अंत तक दिन का तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है।