बिहार दिनभर, 15 बड़ी खबरें:NEET स्टूडेंट की मौत पर सड़क से सदन तक हंगामा; गैंगस्टर बोला-बचा लो, हॉस्टल में फंदे से लटकी मिली छात्रा

नमस्कार आज की सबसे बड़ी खबर पटना से है। नीतीश सरकार ने 2026-27 का बजट पेश किया। सरकार ने 3 लाख 47 हजार 589 करोड़ का बजट पेश किया है, जो पिछले बजट से 30,694.74 करोड़ ज्यादा है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, बिहार दिनभर में क्या कुछ खास रहा… टॉप 15 खबरें… 01- 12 मिनट में पेश किया 3. 47 लाख करोड़ का बजट नीतीश सरकार ने 2026-27 का बजट पेश किया। सरकार ने 3 लाख 47 हजार 589 करोड़ का बजट पेश किया है, जो पिछले बजट से 30,694.74 करोड़ ज्यादा है। बिहार में 5 नए एक्सप्रेस-वे बनेंगे। सभी सिंगल लेन वाली सड़कें डबल होंगी। नीतीश सरकार ने बिहार में किसान सम्मान निधि योजना की राशि डेढ़ गुना कर दी है। पूरी खबर पढ़ें 02- 80 दिन बाद अनंत सिंह ने ली विधायक पद की शपथ बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने मंगलवार को विधायक पद की शपथ ली। सदन के अंदर बिना पढ़े उन्होंने कहा- मैं अनंत सिंह ईश्वर की शपथ लेता हूं कि मैं कानून द्वारा स्थापित भारत के संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा और निष्ठा रखूंगा। मैं भारत की प्रभुता और अखंडता अक्षुण्ण रखूंगा। मैं बिहार राज्य के विधानसभा के सदस्य के रूप में अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करूंगा। शपथ लेने के बाद अनंत सिंह ने विधानसभा स्पीकर प्रेम कुमार से मुलाकात की। इसके बाद वो CM नीतीश के पास पहुंचे और उनके पैर छुए। पूरी खबर पढ़ें 03- विधानसभा में गूंजा नीट छात्रा से रेप हत्या का मामला बजट भाषण के बाद विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा हुई। जहां विपक्ष ने लॉ-एंड-ऑर्डर और भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया। वहीं बीजेपी के विधायक भगवान कुशवाहा ने कहा कि राजद को भ्रष्टाचार पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है। वहीं सुबह की कार्यवाही के दौरान सदन में NEET छात्रा रेप-मौत केस का मामला उठा। मामले पर भाकपा माले के काराकाट विधायक अरुण सिंह कार्यस्थगन प्रस्ताव लेकर आए। वो इस पर बहस कराना चाहते थे, लेकिन स्पीकर ने उनके प्रस्ताव को रद्द कर दिया। पूरी खबर पढ़ें 04- न्याय के लिए 35 किलोमीटर का प्रोटेस्ट मार्च NEET छात्रा की मौत के मामले में जहानाबाद में 35 किलोमीटर लंबा विरोध मार्च निकाला जा रहा है। इसमें पूर्णिया सांसद पप्पू यादव भी पहुंचे। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उन्हें कड़ी सजा दी जाए। “बहन-बेटियों के सम्मान में पूरा बिहार मैदान में…” लिखे पोस्टर लेकर लोग सड़कों पर उतरे हैं। प्रदर्शनकारी काले झंडे लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। लोगों का कहना है, “बेटी, हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं।” पूरी खबर पढ़ें 05- 8 जिलों के 26 स्टूडेंट नकल करते पकड़े गए बिहार इंटरमीडिएट परीक्षा का आज दूसरा दिन है। मंगलवार को पहली पाली में मैथ्स की परीक्षा हुई। परीक्षा देकर बाहर निकले छात्रों ने कहा- पेपर बहुत आसान था।’ परीक्षा से पहले सेंटर के बाहर छात्रों की घड़ी, बेल्ट, जूते उतरवाए गए। सहरसा में एच छात्र की जींस से 5 से ज्यादा चिट मिले। वहीं नालंदा में कुछ छात्र दौड़कर सेंटर पहुंचते दिखाई दिए। पूरी खबर पढ़ें 06- ‘हमें STF ने घेर लिया, फर्जी एनकाउंटर हो सकता’ पटना के कुख्यात इनामी अपराधी मनोज सिंह और मानिक सिंह को एसटीएफ की विशेष टीम ने बेंगलुरू से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी से पहले मनोज सिंह ने पुलिस एनकाउंटर के डर से एक वीडियो बनाया था। वीडियो में मानिक कहा रहा कि ‘मैं और मेरे पिता मनोज सिंह बेंगलुरू से अरेस्ट हो गए हैं। मेरी पूरी फैमिली यहां है। बेटी-पत्नी साथ है। नीचे पटना एसटीएफ की टीम ने घर लिया है। पूरी खबर पढ़ें 07- BP मंडल कॉलेज में फंदे से लटकी मिली छात्रा मधेपुरा के BP मंडल इंजीनियरिंग कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल में एक छात्रा ने सुसाइड कर लिया। सेकेंड ईयर की स्टूडेंट का फांसी के फंदे से लटका शव मिला है। मृतका की पहचान सिविल इंजीनियरिंग विभाग की छात्रा खुशबू कुमारी(20) के रूप में हुई है। घटना के दौरान उसके कान में ईयरबड्स लगे मिले थे। इसको लेकर पुलिस प्रारंभिक तौर पर यह मानकर चल रही है कि मौत से ठीक पहले खुशबू कुछ सुन रही थी या किसी से फोन पर बात कर रही थी। पूरी खबर पढ़ें 08- लव मैरिज के 5 महीने बाद लड़की की मौत, भाई बोला: हत्या की गई पटना-बख्तियारपुर स्टेट हाईवे-106 पर स्थित खिरोधर पुर के पास मंगलवार को विवाहिता के परिजन ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। परिजन का आरोप है कि 5 महीने पहले प्रेम विवाह करने वाली खुशी कुमारी की ससुराल वालों ने दहेज के लिए गला घोंटकर हत्या कर दी है। लड़की के भाई गौतम कुमार ने बताया कि उसकी बहन खुशी कुमारी ने राजेश के साथ प्रेम विवाह किया था। पूरी खबर पढ़ें
09-नशीली दवा खिलाकर महिला साथी से रेप, केस दर्ज जमुई में राज्य सरकार से मान्यता प्राप्त वृद्धाश्रम गृह में कार्यरत एक महिला ने टाउन थाना में अपने सहकर्मी पर तीन साल तक यौन शोषण, धमकी और मानसिक उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया है। महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, आरोपी ने इन सभी आरोपों को निराधार बताया है। पूरी खबर पढ़ें 10- ‘अब मन नहीं लग रहा’ लिख टीचर से की खुदकुशी भोजपुर में BPSC टीचर ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक की पहचान सौरभ गुप्ता (25) के रूप में हुई है। सौरभ उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के लालगंज बाजार के रहने वाले थे। सौरभ की लाश पंखे से लटकी हुई मिली है। पिछले साल नौकरी जॉइन की थी। सौरभ की पोस्टिंग पीरो प्रखंड के तार मध्य विद्यालय में थी। पूरी खबर पढ़ें 11- बर्ड फ्लू को लेकर पटना जू अलर्ट, खाने में बदलाव बर्ड फ्लू की संभावित खतरे को देखते हुए पटना जू को अलर्ट मोड में आ गया है। इसे लेकर जानवरों के खान-पान में भी बदलाव किए गए हैं। एवियरी सेक्शन में मांसाहारी पक्षियों को अब चूजों की जगह चूहे दिए जा रहे हैं। वहीं, जानवरों की खुराक से चिकन को हटाकर वैकल्पिक आहार शामिल किया गया है। पूरी खबर पढ़ें 12- BPSC कैलेंडर से TRE-4 गायब, छात्रों में गुस्सा बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 2026 तक आयोजित होने वाली प्रतियोगी परीक्षा का कैलेंडर जारी किया है। इसे लेकर शिक्षक अभ्यर्थियों में नाराजगी है। दरअसल, पूरे कैलेंडर में कहीं भी शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 का जिक्र नहीं किया गया है। इसे लेकर अभ्यर्थियों का मानना है कि सरकार की मंशा TRE-4 को टालने की है। कैलेंडर से TRE-4 के गायब रहने से हजारों अभ्यर्थियों में गुस्सा और निराशा दोनों बढ़ गई है। पूरी खबर पढ़ें 13- एग्जाम देकर लौट रहे छात्र को बदमाशों ने मारी गोली पूर्णिया में मंगलवार को बदमाशों ने परीक्षा देकर लौटर रहे इंटर के छात्र को गोली मार दी। बुलेट छात्र के बाएं पैर को चीरती हुई आर-पार हो गई। छात्र मैथ का पेपर देकर एग्जाम सेंटर से वापस लौट रहा था। बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोका और गोली मार दी। एग्जाम सेंटर से करीब 500 मीटर दूर के.नगर थाना क्षेत्र के श्रीनगर बाघमारा रोड पर छात्र पर हमला हुआ। पूरी खबर पढ़ें अब वो खबर जो हटकर है 14- दरोगा ने हाथ जोड़ महिला को खुदकुशी करने से रोका भागलपुर के विक्रमशिला सेतु पर आत्महत्या का प्रयास कर रही महिला को बिहार पुलिस के एक दरोगा ने बचा लिया। दरोगा सिकंदर कुमार ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए पुल से नीचे कूदने से रोका। कई घंटों की समझाइश के बाद सुरक्षित नीचे उतारा गया। घटना आज सुबह करीब 11 बजे की है। पूरी खबर पढ़ें अब चलते-चलते एक नजर कल के मौसम पर 15- बिहार के 27 जिलों में कल कोहरे का अलर्ट है, स्थिर रहेगा तापमान मौसम विभाग ने कल यानी बुधवार को 27 जिलों में कोहरे का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में सुबह और देर रात बादल छाए रहेंगे। हालांकि तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *