बिहार में मौसम का डबल अटैक, पारा 40°C पार:तेज धूप से लू जैसे हालात, 6 अप्रैल को कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

बिहार में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्य में अगले 5 दिनों तक भीषण गर्मी और खराब मौसम का दोहरा असर देखने को मिलेगा। एक ओर जहां तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचकर लू जैसे हालात बना रहा है। वहीं, दूसरी ओर 6 अप्रैल को कई जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में लोगों को गर्मी और मौसम की मार, दोनों से सतर्क रहने की जरूरत है। गर्मी का कहर: रोहतास सबसे गर्म पिछले 24 घंटों के दौरान पूरे बिहार में तापमान में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दक्षिण-पश्चिमी इलाकों में गर्मी ने सबसे ज्यादा असर दिखाया है। रोहतास के डेहरी में अधिकतम तापमान 40.0°C दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। गया में 39.8°C, पटना में 39.4°C और शेखपुरा में 39.9°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। लगभग सभी जिलों में तापमान 1 से 2.5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा है। मौसम विभाग के अनुसार, तेज धूप और पश्चिमी हवाओं के कारण अगले कुछ दिनों तक लू जैसे हालात बने रह सकते हैं, खासकर दोपहर के समय बाहर निकलना खतरनाक हो सकता है। पटना का 5 दिनों का मौसम पूर्वानुमान राजधानी पटना के लिए मौसम मिला-जुला रहने वाला है—गर्मी के साथ बीच-बीच में राहत भी मिलेगी। जहां आज दिन में गर्मी रहेगी, लेकिन रात में गरज के साथ हल्की बारिश या छींटे पड़ सकते हैं। अधिकतम तापमान 38°C रहेगा। 05 से 07 अप्रैल: मौसम आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा। तापमान 37°C से 38°C के बीच बना रहेगा। 08 अप्रैल: मौसम में बदलाव के संकेत हैं। एक-दो बार मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जिससे तापमान गिरकर 33°C तक पहुंच सकता है। 6 अप्रैल के लिए विशेष अलर्ट: तीन जोन में बंटा बिहार मौसम विभाग ने 6 अप्रैल को लेकर राज्य के जिलों को तीन हिस्सों में बांटा है: दक्षिण-पश्चिमी बिहार के बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद जिलों में तेज आंधी और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट है। इस दौरान 50–60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पूर्वी बिहार के किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार और भागलपुर जिलों में फिलहाल कोई गंभीर चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन मौसम में बदलाव संभव है। मौसम में बदलाव का क्या है वजह? मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण यह अस्थिर मौसम बन रहा है। इसी वजह से तेज गर्मी के बीच अचानक आंधी-बारिश और ओलावृष्टि की स्थिति बन रही है। लोगों के लिए एडवाइजरी जारी मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है, क्योंकि आने वाले दिनों में मौसम और भी अनिश्चित बना रह सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *