बिहार में सर्दी का सितम जारी:पटना सबसे ठंडा, ‘कोल्ड डे’ का प्रकोप…11 जिलों में आज भी घने कुहासे के साथ कोल्ड डे की चेतावनी

पटना की सुबह शुक्रवार को घने कुहासे के साथ तेज ठंडी पछुआ हवा के साथ हुई। स्थित यह रही कि सुबह नौ बजे तक 100 मीटर के आगे कुछ नहीं दिख रहा था। कुहासा और ठंडी हवाओं के प्रभाव के कारण पटना का अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया। इससे शुक्रवार को पटना राज्य में सबसे ठंडा शहर रहा। पटना का अधिकतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पटना में कोल्ड डे रहा। हालांकि सबौर और औरंगाबाद का न्यूनतम तापमान सबसे कम दर्ज किया गया। यहां का न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेकिन सबौर का अधिकतम तापमान 21.4 और औरंगाबाद का न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पटना, सबौर, औरंगाबाद के अलावा गयाजी, भागलपुर, वाल्मीकिनगर, छपरा, डेहरी, राजगीर और जहानाबाद में कोल्ड डे जैसी स्थिति रही। सबसे अधिक तापमान किशनगंज में 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम दृश्यता 100 मीटर पटना, गयाजी और वाल्मीकि नगर मे दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार के दक्षिण मध्य और दक्षिण-पश्चिम भाग के कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान में 1-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जबकि शेष भाग के न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं दर्ज की गई। आगे क्या: राहत नहीं मिलेगी, घना कोहरा और कड़ाके की ठंड गिरनी जारी रहेगी पटना जिले में 30 दिसंबर तक सभी स्कूलों में आठवीं तक की कक्षाएं बंद पटना जिले में 8वीं तक की कक्षाएं 30 दिसंबर तक बंद कर दी गई है। डीएम डॉ.त्यागराजन एसएम ने शुक्रवार को इस आशय का आदेश जारी किया। इसमें प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र भी शामिल है। उन्होंने कहा कि जिले में अत्यधिक ठंड के कारण कम तापमान की स्थिति बनी हुई है। जिसके कारण बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है। भास्कर एक्सपर्ट- संजय कुमार, मौसम वैज्ञानिक बिहार में अभी शीत लहर नहीं है। क्योंकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस तक कम होने पर शीत लहर घोषित किया जाता है। अभी गया में सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस कम और भागलपुर में 0.6 डिग्री सेल्सियस कम है। पटना का न्यूनतम तापमान सामान्य है, लेकिन अधिकतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस कम हो गया है। कोल्ड में अधिकतम तापमान कम हो जाता है। इसलिए पटना में कोल्ड डे रहा। शुक्रवार को पटना, गया और वाल्मीकिनगर में घना कोहरा छाया रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *