बिहार में होली पर मिल रही शराब वाली आइसक्रीम:5000 पीस की डील; एजेंट बोला- आपके पसंद की ब्रांड से फैमिली पैक आइसक्रीम बना देंगे

आप जिस ब्रांड की शराब दीजिएगा, उसी ब्रांड वाली आइसक्रीम बना देंगे। समझिए बहुत तगड़ा वाला नशा हो जाएगा। यह अपने आप में होली पर नया है क्योंकि इसे खाकर शराब पीने के बराबर नशा हो जाता है। इस बार होली में यही नया ट्रेंड है, माल दीजिए जितना चाहिए उतना बन जाएगा। यह दावा शराबबंदी वाले बिहार में शराब वालीआइसक्रीम बनाने वाले एजेंट कर रहे हैं। डिमांड पर वह फैमिली पैक से लेकर शराब वाली कुल्फी तक बनाने को तैयार हैं। ऐसे एजेंट्स को एक्सपोज करने के लिए भास्कर इन्वेस्टिगेशन टीम के अंडर कवर रिपोर्टर ने कस्टमर बनकर पूरे नेक्सस को एक्सपोज किया है। पढ़िए और देखिए शराबबंदी वाले बिहार में तैयार हो रही है शराबवाली आइसक्रीम की पूरी कहानी और इसकी सप्लाई चेन..। शराब और सूखे नशे का कॉकटेल भास्कर इन्वेस्टिगेशन टीम को इनपुट मिला कि होली पर यूपी-बिहार बॉर्डर पर बड़े पैमाने पर सूखे नशे और शराब की कॉकटेल वाली आइसक्रीम तैयार की जा रही है। इनपुट पर हमने कस्टमर बनकर डील की। एजेंट्स खुफिया कैमरे में पूरी प्रॉसेस और सप्लाई चेन बताते कैद हुए हैं। यूपी बॉर्डर पर पश्चिमी चंपारण में शराब और सूखे नशे से आइसक्रीम बनाने वाले एक दर्जन से अधिक एजेंट्स से डील में होली पर बड़ी तैयारी का खुलासा हुआ। बिहार से सटे यूपी बॉर्डर के कुशीनगर जिले में शराब वालीआइसक्रीम का इनपुट मिला। बताया गया कि कुशीनगर में बड़े पैमाने पर शराब वाली आइसक्रीम तैयार कर बिहार में सप्लाई की जा रही है। होली को लेकर ऐसी आइसक्रीम की काफी डिमांड है। भास्कर की इन्वेस्टिगेशन टीम यूपी से सटे बिहार के पश्चिमी चंपारण के धनहा पहुंची, जहां गांवों में कई फैक्ट्रियों में सूखा नशा और शराब की कॉकटेल से आइसक्रीम बनाई जा रही है। आइसक्रीम फैक्ट्री चलाने वाले विशाल ने शराब और भांग के कॉकटेल वाली आइसक्रीम की बड़े पैमाने पर डील की है। पूरी पड़ताल के बाद विशाल हमारे अंडरकवर रिपोर्टर से बातचीत करने को तैयार हुआ। रिपोर्टर – स्पेशल वाली आइसक्रीम चाहिए होली के लिए? विशाल – आप कहां से आए हैं? किसने बताया है कि हम बनाते हैं। रिपोर्टर – पता चला है, आपके ही किसी आदमी ने बताया है। विशाल – अच्छा, आपको कितना माल चाहिए? रिपोर्टर – 5 हजार तो चाहिए ही कम से कम। विशाल – 5 हजार आइसक्रीम का 48 हजार रुपए पड़ेगा। रिपोर्टर – आप हमेशा बनाते हैं क्या? विशाल – नहीं होली के लिए स्पेशल आइटम होता है। रिपोर्टर – नशा करता है ना? विशाल – आइटम मजेदार मिलेगा, होली वाला ही तैयार हो रहा है। रिपोर्टर – कितनी डिमांड है, नशे वाली आइसक्रीम की? विशाल – डिमांड तो बहुत है, नशे वाली स्पेशल बनानी पड़ती है। रिपोर्टर – कितने देर में आइसक्रीम बन जाती है? विशाल – रात दिन हम लोग काम कर रहे हैं, होली पर माल देना है। रिपोर्टर – हमको तो ऐसा चाहिए जो पूर तरह नशे में डुबो दे? विशाल – भांग के कॉकटेल वाली महंगी पड़ेगी, लेकिन नशा ज्यादा देगी। रिपोर्टर – अच्छा, नशे की फुल गारंटी होगी ना? विशाल – हां-हां, पूरी गारंटी होगी खाने वाले को पूरी तरह से मगन कर देगा। रिपोर्टर – फैमिली पैक में दीजिएगा या फिर कुल्फी वाली होगी? विशाल – आप जैसा चाहिए, सब तैयार हो जाएगा। आइसक्रीम फुल नशे वाली होगी। ऐजेंट बोला – मीठे के साथ सूखा नशा तेज हो जाता है डील के दौरान विशाल ने बताया, ब्रिक्स वाली आइसक्रीम में बहुत कुछ पड़ता है। नशे के लिए उसमें अलग से भांग और अन्य कुछ चीजों का डाला जाता है। मीठे के साथ मिलकर सूखा नशा यानी भांग का पावर बढ़ जाता है। आइसक्रीम में नशा तुरंत असर करता है, इसलिए इसकी डिमांड भी अधिक होती है। जो आइटम बनेगा, वह मीडियम रेंज का होगा। भांग वाली स्पेशल बनती है, उसके लिए अलग तैयारी होती है। थोड़ा सा माल टाइट कर दीजिएगा, आइसक्रीम कम खर्च होगी और आपका पैसा बच जाएगा। पावर बढ़ेगी तो एक फैमिली पैक में 20 लोग खा लेंगे। खाने के वक्त समझ में ही नहीं आएगा कि भांग खा रहे हैं। इतनी ठंडी होती है कि पता ही नहीं चलता। बाद में समझ आएगा कि क्या खा लिया। 5 हजार लोगों के लिए 350 फैमिली पैक बनवा लीजिए। आप जितनी डिमांड कीजिएगा उतनी नशे वाली आइसक्रीम बनाकर दे देंगे। विशाल ने कहा, कहिए तो मैं कुछ भी बना दूंगा। शराब से ऐसा तगड़ा वाला बना दूंगा कि पूछिए मत। शराब में कोल्ड ड्रिंक और पानी मिलाकर जमाया जाता है। इसमें ज्यादा समय नहीं लगता है। अभी नहीं बना रहे हैं, लेकिन आप ऑर्डर दीजिएगा तो जितना चाहिए बना दिया जाएगा। रातभर काम करूंगा तो 6 घंटे में ऑर्डर पूरा हो जाएगा। बस प्रशासन को पता चल गया तो सब मामला बिगड़ जाएगा, इसके लिए थोड़ा अलर्ट रहना होगा। विशाल से बातचीत के दौरान ही धनहा तमकुहवा में नशे वाली आइसक्रीम बनाने वाले एजेंट राहुल का इनपुट मिला। काफी पड़ताल के बाद जब अंडर कवर रिपोर्टर राहुल के पास पहुंचे तो पहले वह मना करने लगा, लेकिन भरोसा होने के बाद वो सूखे नशे से आइसक्रीम के कई राज खोलने लगा। राहुल की फैक्ट्री में बाहर से पूरी तरह सामान्य दिख रहा था। वहां ना तो किसी नाम का कोई बोर्ड लगा था और ना ही किसी ब्रांड का कोई प्रचार प्रसार था। रिपोर्टर – होली वाली स्पेशल आइसक्रीम बनवानी है। राहुल – मेरी फैक्ट्री में इस तरह का कोई भी नशीला पदार्थ नहीं बनता है। रिपोर्टर – आपके पास ही लोगों ने भेजा है? राहुल – मेरे यहां बस सामान्य आइसक्रीम ही बनाई जाती है। रिपोर्टर – पता चला है आप बनाते हैं इसलिए आया। राहुल – आपको गलत बताया गया है, मैं ऐसे काम ही नहीं करता। रिपोर्टर – भांग और शराब मिलाकर बन जाता है, ऐसा बोला गया है। राहुल – नहीं, नहीं ऐसा कैसे हो सकता है। रिपोर्टर – तब लोगों को आपको लेकर गलत जानकारी होगी। राहुल – जो भी हो, लेकिन मैं यह काम नहीं करता हूं। रिपोर्टर लौटने लगा तो राहुल ने रोककर डील की राहुल के मना करने के बाद अंडर कवर रिपोर्टर वहां से निकलने लगे। तब तक राहुल को रिपोर्टर पर भरोसा हुआ और ग्राहक समझ लिया। रिपोर्टर के कुछ दूर जाते ही राहुल ने आवाज लगाकर वापस बुलाया। इसके बाद नशे वाली आइसक्रीम बनाने से मना करने वाला राहुल 5000 से अधिक पीस सूखे नशा वाली आइसक्रीम की डील करने को तैयार हो गया। राहुल ने रिपोर्टर को रोकते हुए बैठाया और पहले से बिल्कुल अलग लहजे में बात करने लगा। राहुल – इसमें कोई बड़ी बात नहीं, ज्यादा जोखिम भी नहीं है। रिपोर्टर – आप ही तो मना कर रहे हैं? राहुल – कुछ कारण है इसलिए मना किया जाता है। रिपोर्टर – मतलब नहीं समझा, क्या कारण है? राहुल – पता नहीं कौन मुझे पकड़ने आ जाए, मैं बोलकर फंस जाऊं। रिपोर्टर – हम तो कस्टमर हैं, क्या फंसा देंगे। आप तो बताइए काम कैसे होगा? राहुल – हो जाएगा, दूध में सिर्फ भांग घोलनी होती है, बाकी सब तो वही प्रक्रिया होती है। रिपोर्टर – सूखे नशे से कैसे आप लोग बनाते हैं प्रॉसेस तो बताइए? राहुल – जैसा ऑर्डर दिया जाएगा, उसी हिसाब से आइसक्रीम तैयार हो सकती है। रिपोर्टर – मतलब शराब से भी हो सकता है? राहुल – अब हर बात खुलकर ऐसे नहीं बोली जाती है, बताया ना जैसा ऑर्डर वैसा माल होगा। भाई के साथ मिलकर राहुल चलाता है नशे का धंधा राहुल ने बातचीत मे कई खुलासे किए। सूखे नशे और शराब के साथ आइसक्रीम बनाने की पूरी प्रॉसेस बताने के साथ राहुल ने मार्केट में सप्लाई चेन का भी खुलासा किया। राहुल के मुताबिक, मार्केट में पहले से ऑर्डर रहता है, इसलिए कहीं से किसी के पास नहीं जाना पड़ता है। डिमांड लेकर लोग खुद हमारे पास आते हैं। राहुल ने अंडर कवर रिपोर्टर से कहा कि उसका भाई इस धंधे में शामिल है। डील वही करता है। भाई के आने पर सूखा नशे वाली आइसक्रीम के बारे में और कुछ बात हो जाएगी। होली को लेकर उसका भाई ने कई तरह की तैयारी की है। राहुल ने बताया कि उसका भाई पूरी डीलिंग करता है। होली पर क्या-क्या कितने पावर का बन रहा है, नया क्या बनाएगा सब उसका भाई ही बताएगा। राहुल से बातचीत से यह साफ हो गया कि अवैध और नशीली आइसक्रीम बनाने की तैयारी यहां आसानी से की जाती है। बस दिखावे और कस्टम के बारे में पूरी जानकारी लेने के लिए पहले मना करते हैं। बातचीत में राहुल ने इशारा कर दिया कि वह भांग और सूखे नशे के साथ शराब से भी आइसक्रीम बना देगा। पड़ताल के दौरान ही धनहा के ही प्रकाश का इनपुट मिला। वह गांवों में घूम-घूमकर नशे वाले आइसक्रीम बेचता है। इसके साथ ही फैक्ट्रियों के लिए ऑर्डर लेने का भी काम करता है। चोरी छिपे वह ऑर्डर लेता और शराब और सूखे नशे से तैयार आइसक्रीम की डिलिवरी करता है। छानबीन के बाद भास्कर के अंडर कवर रिपोर्टर प्रकाश तक पहुंचे। मुलाकात के बाद डील में प्रकाश ने नशे वाली आइसक्रीम का खुलासा किया। मैं तो घूम-घूम कर आइसक्रीम बेचने का काम करता हूं। होली है तो थोड़ा-बहुत वैसी वाली आइसक्रीम भी बेच लेता हूं। डिमांड भी उसकी खूब है, इसलिए अपना धंधा चल रहा है। होली को लेकर गांवों में सर्वे चल रहा है। गांव-गांव जाकर लोगों से पूछा जा रहा है। जितने लोग एडवांस देंगे, उसी हिसाब से आइसक्रीम मंगाई जाएगी। दरअसल, सूखे नशे वाली आइसक्रीम का ऑर्डर पहले से मिलने लगता है और अब ऑर्डर आना शुरू हो गया है। बच्चों से इसका ऑर्डर नहीं लिया जा रहा है, सिर्फ बड़े लोगों को ही दी जाती है। यह हर साल बनाई जाती है। पिसी भांग और धतूरा मिलाकर आइसक्रीम बनती है पिसी हुई भांग और धतूरा के साथ कुछ सूखे नशे को मिलाया जाता है। यह सब मिलाकर ही आइसक्रीम तैयार की जाती है। बच्चों के लिए अलग आइसक्रीम बनाई जाती है, जबकि बड़ों के लिए डिमांड के हिसाब से आइसक्रीम बनाई जाती है। धतूरा बहुत हल्का डाला जाता है, नहीं तो यह खतरनाक हो सकता है। आइसक्रीम पहले हम लोग खुद चेक करते हैं, उसके बाद ही लोगों तक पहुंचाई जाती है। जितना कहिएगा, उतनी आइसक्रीम आपके लिए बन जाएगी। हम लोगों के वहां 5 हजार पीस भी फटाफट बन सकती है। प्रकाश से डील के दौरान भास्कर की इन्वेस्टिगेशन टीम को सूरज आइसक्रीम फैक्ट्री की जानकारी मिली। प्रकाश यही से अपना माल बनवाता है। वह जिस तरह से जितना नशा बढ़ाना-घटना चाहता है सब हो जाता है। यूपी बॉर्डर के धानी में स्थित आइसक्रीम फैक्ट्री में हर तरह की आइसक्रीम बनाने का इनपुट मिला था। यह फैक्ट्री स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर आइसक्रीम बनाती है। भास्कर के अंडर कवर रिपोर्टर से संतोष ने डील में बिना किसी हिचकिचाहट के नशे की पूरी डील कर सप्लाई चेन तक का खुलासा किया। आपको जितना कड़ा नशा वाला बनवाना हो बनवा सकते हैं। होली के समय में हम लोगों का काम ऐसे ही चलता है। सूखे नशे की जितनी मात्रा में कहिएगा उतनी डालकर आइसक्रीम तैयार कर दी जाएगी। हालांकि इसके लिए ऑर्डर पहले देना जरूरी होता है, क्योंकि फैक्ट्री में बची हुई आइसक्रीम अगले दिन नहीं बेची जाती। आइसक्रीम में नशे के लिए भांग के गोले का इस्तेमाल किया जाता है, जिसे पीसकर मिलाया जाता है। इसके साथ ही कुछ और नशे का आइटम डालना पड़ता है, जिससे मजा बढ़ जाए। ऐसी आइसक्रीम की पूरी खेप तैयार करने में लगभग 70 हजार रुपए का खर्च आता है। नशे की मात्रा पूरी तरह ऑर्डर देने वाले की मांग पर निर्भर करती है, जितना ज्यादा नशा मिलाया जाएगा, आइसक्रीम उतनी ही टाइट बनेगी। एजेंट बोला- आइसक्रीम खाने से कुछ हुआ तो मैं जिम्मेदार नहीं डील के दौरान एजेंट संतोष बोला – धंधे में एक शर्त रहेगी। अगर आइसक्रीम खाने से किसी को कोई नुकसान होता है, तो इसकी जिम्मेदारी हमारी या फैक्ट्री की नहीं होगी और ऐसी किसी भी स्थिति में फैक्ट्री का नाम सामने नहीं आना चाहिए। आप सोच लीजिए, नहीं तो हम लोग साफ मना कर देंगे कि आप हमारे यहां से कुछ नहीं ले गए हैं। मामला फंसा तो आप पर हम ही केस करा देंगे। भाई जब आप हमारा नाम लेंगे तो हम भी आपको जेल भेजवाने की कोशिश करेंगे ही ना। दूध में सूखा नशा का आइटम मैं खुद अपने पास से डाल दूंगा। नशे के लिए कितनी क्या सामग्री चाहिए सब हम लोगों को पता है। कितना नशा देना है, इसका असर क्या होगा, यह सब कुछ पता है। इसलिए आप हमारे उपर छोड़ दीजिएगा, हम सबकुछ अपने हिसाब से रेडी करके रखेंगे। आप तो मस्ती से धंधा कीजिए, होली का समय है इस बीच जितना कमाना हो कमा लीजिए अगर बहुत अधिक नशा चाहिए तो इसके लिए अधिक पैसे देने होंगे। हां लेकिन ऐसा बन गया तो समझिए जो खाएगा वह कभी भूल नहीं पाएगा। इसके लिए मेरे पास जो नशे की आवश्यक सामग्री वह खुद अपने पास से डाल दूगां। संतोष से हुई डील में यह साफ हो गया कि होली जैसे त्योहार से पहले किस तरह गुपचुप तरीके से नशीली आइसक्रीम की तैयारी और सप्लाई की प्लानिंग पर काम हो रहा है। फैक्ट्रियों में शराब वाली आइसक्रीम बन रही है, डिमांड पर मार्केट में बनाई जा रही है। शराबबंदी कानून के साथ लोगों की सेहत से खेल रहे शराब और आइसक्रीम माफिया होली में पूरी तैयारी के साथ माल खपा रहे हैं। यह लोगों की सेहत के लिए भी गंभीर खतरा बन सकती है। एक्सपर्ट बोले- ऐसे नशे से मल्टिपल ऑर्गन फेल का खतरा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *