बिहार में महिलाओं के खिलाफ हिंसा में बढ़ोतरी हुई है। इसका खुलासा एनसीआरबी की हालिया रिपोर्ट से होता है। एनसीआरबी ने 2023 की रिपोर्ट जारी की है। इसके अनुसार बिहार में महिलाओं के खिलाफ हिंसा में 13.5 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा के मामले में बिहार 28 राज्यों में आठवें नंबर पर है। बिहार में साल 2022 में महिलाओं के खिलाफ 20222 घटनाएं दर्ज की गईं। साल 2023 में बढ़कर 22952 हो गई। महिलाओं के खिलाफ सबसे अधिक हिंसा उत्तरप्रदेश और महाराष्ट्र में दर्ज की गई हैं। देश के 28 राज्यों की तुलना में सबसे अधिक बिहार में लड़कियों का अपहरण शादी की नीयत से होता है। पिछले एक साल में 9486 लड़कियों का अपहरण शादी के नीयत से किया गया। इसका क्राइम रेट 15.5 है, जो अन्य राज्यों की तुलना में सबसे अधिक है। रिपोर्ट के अनुसार, 4545 बालिग लड़कियों का अपहरण शादी की नीयत से हुआ। 4941 नाबालिग लड़कियों का भी अपहरण किया गया। फिरौती मांगने की नीयत से बिहार में दो महिलाओं का अपहरण किया गया। बिहार में एक साल में 1143 महिलाओं की दहेज के लिए हत्या कर दी गई। इस मामले में बिहार 28 राज्यों में दूसरे नंबर पर है। पहले नंबर पर उत्तर प्रदेश है, जहां एक साल में दहेज के लिए 2122 महिलाओं की हत्या की गई। वहीं चार महिलाओं की रेप के बाद हत्या कर दी गई। रेप की 902 घटनाएं हुईं। एक साल में एसिड अटैक की 5 घटनाएं हुईं जिनमें 6 महिलाएं पीड़ित हैं। एसिड अटैक में सबसे अधिक 34 महिलाएं पश्चिम बंगाल और उसके बाद उत्तर प्रदेश में 28 महिलाएं शिकार हुईं। पति और उसके संबंधियों द्वारा प्रताड़ित करने की 2032 घटनाएं साल 2023 में दर्ज हुईं। चाइल्ड पोर्नोग्राफी की घटना सबसे अधिक बिहार में बिहार में साइबर क्राइम की शिकार भी महिलाएं हो रही हैं। ऐसे 100 मामले दर्ज हुए हैं जिसमें महिलाएं साइबर क्राइम की शिकार हुई हैं। वहीं चाइल्ड पोर्नोग्राफी का मामला सबसे अधिक बिहार में दर्ज हुआ है। बिहार में 345 मामले दर्ज हुए। वहीं पॉस्को एक्ट के तहत 125 मामले दर्ज किए गए। पटना में भी महिलाओं के खिलाफ हिंसा बढ़ी है। यहां साल 2022 में 812 और 2023 में 1162 घटनाएं दर्ज हुईं। पटना में दहेज हत्या के 30 मामले दर्ज किए गए। पति और उनके संबंधियों से प्रताड़ित होकर 131 महिलाओं ने शिकायत दर्ज कराई। पटना में महिलाओं के अपहरण की 721 घटनाएं हुईं। 250 लड़कियों का अपहरण शादी की नीयत से किया गया। रेप की 132 घटनाएं दर्ज हुईं।