बिहार वीमेंस कबड्‌डी में आज से दिखेगा बिहार की बेटियों का दम

डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी करेंगे उद्घाटन, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह भी रहेंगी
बिहार वीमेंस कबड्डी लीग का महामुकाबला बुधवार से शुरू हो जाएगा। इस लीग के दौरान पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के इंडोर हॉल में 11 से 17 मार्च तक कुल 34 मैच खेले जाएंगे। हर मैच डू एंड डाई होगा। साथ ही हर मैच के बाद बेस्ट रेडर, डिफेंडर या ऑलराउंडर प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ी को पुरस्कृत किया जाएगा। कबड्‌डी चैंपियंस लीग (केसीएल) के पैटर्न पर हो रहे इस लीग में पहली बार सभी छह टीम की खिलाड़ियों को टीम ऑनर की ओर से पांच-पांच हजार रुपए भी दिए जाएंगे। उद्घाटन समारोह बुधवार की शाम 6 बजे से होगा। मुख्य अतिथि खेलमंत्री श्रेयसी सिंह की मौजूदगी में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ट्रॉफी का अनावरण व लीग का उद्घाटन करेंगे। मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस में बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के डीजी सह सीईओ रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि महिला कबड्डी लीग का यह दूसरा संस्करण है। पूरे देश में सिर्फ बिहार में ही सरकार द्वारा महिला कबड्डी लीग का आयोजन कराया जा रहा है। डीजी ने बताया कि इस लीग में उम्दा प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को बिहार कबड्डी टीम के लिए चुना जाएगा। बिहार राज्य कबड्‌डी संघ व प्राधिकरण मिलकर अच्छी खिलाड़ियों को सेलेक्ट करने में अहम भूमिका निभाएंगे। चुनी हुई महिला खिलाड़ियों को मजबूत कबड्‌डी खिलाड़ी के रूप में डेवलप करेंगे ताकि कॉमनवेल्थ गेम्स समेत अन्य इंटरनेशनल आयोजनों में इंडिया टीम के प्लेइंग सेवन में बिहार की कम से कम दो खिलाड़ी जरूर शामिल रहें। प्राधिकरण के डिप्टी डॉयरेक्टर हिमांशु सिंह ने बताया कि इसके लिए इंटरनेशनल सिलेक्टर मंगला देशाई व राणा रणजीत सिंह के साथ विशेषज्ञों की टीम खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजर रखेगी। इस मौके पर बिहार कबड्डी संघ के सचिव कुमार विजय सिंह, टेक्निकल चेयरमैन राणा रंजीत सिंह, क्रीड़ा कार्यपालक आनंदी कुमार , सिलेक्टर मंगला देसाई भी उपस्थित थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *