सिसवन प्रखंड मुख्यालय स्थित अंबेडकर भवन सभागार में शनिवार को जनगणना 2027 के सफल संचालन के लिए नवनिर्वाचित पर्यवेक्षकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता चार्ज पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) राजेश कुमार ने की। बीडीओ राजेश कुमार ने जनगणना कार्य को समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने सभी पर्यवेक्षकों को उनके दायित्वों और कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बीडीओ ने बताया कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति की सही जानकारी दर्ज करना अनिवार्य है। उन्होंने पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में नियुक्त गणनाकर्मियों के कार्यों की नियमित निगरानी करें। किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल अधिकारियों को सूचित करने के लिए कहा गया। बैठक में जनगणना से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश, प्रशिक्षण और कार्यप्रणाली पर भी विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर प्रखंड के सभी पर्यवेक्षक और संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।