बुड्ढा दरिया पुनर्जीवन अभियान तेज, डेयरी कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण , मंत्री संजीव अरोड़ा कर रहे प्रोजेक्ट की मॉनिटरिंग

भास्कर न्यूज | लुधियाना बुड्ढा दरिया के पुनर्जीवन अभियान को गति देते हुए नगर निगम लुधियाना की कमिश्नर डॉ. नीरू कत्याल गुप्ता ने बुधवार को हैबोवाल और ताजपुर रोड स्थित डेयरी कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डेयरियों से निकलने वाले गोबर की नियमित उठान सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी हालत में गोबर दरिया में न पहुंचे और प्रदूषण पर रोक लग सके। मौके पर डेयरी मालिकों के प्रतिनिधि और गोबर उठान के लिए नियुक्त ठेकेदार भी मौजूद रहे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि गोबर की निर्बाध ढुलाई सुनिश्चित की जाए और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर अतिरिक्त निगम आयुक्त परमदीप सिंह, संयुक्त आयुक्त विनीत कुमार, एसई हरप्रीत सिंह, एसई शाम लाल गुप्ता, कार्यकारी अभियंता अरविंद कुमार, पीडब्ल्यूएसएसबी के कार्यकारी अभियंता बलराज और एसडीओ अर्जुन सिक्का सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कमिश्नर डॉ. गुप्ता ने कहा कि संजीव अरोड़ा स्वयं इस पूरे प्रोजेक्ट की नियमित मॉनिटरिंग कर रहे हैं। डेयरी कॉम्प्लेक्स में स्थापित एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट के सुचारु संचालन के निर्देश भी दिए गए, ताकि डेयरी अपशिष्ट का सही निस्तारण हो सके। साथ ही डेयरी परिसरों में बायो-गैस प्लांट स्थापित करने की परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने के आदेश दिए गए। उन्होंने डेयरी मालिकों से अपील की कि वे अपनी जिम्मेदारी समझें और दरिया को प्रदूषणमुक्त बनाने में प्रशासन का सहयोग करें। चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई गोबर को सीवर लाइन या दरिया में फेंकते पकड़ा गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वरिष्ठ निगम अधिकारियों को स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने और जल्द दोबारा निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के बाद कमिश्नर ने ताजपुर रोड स्थित मुख्य डंप साइट पर पुराने (लीगेसी) और ताजा कचरे के निस्तारण कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि शेष करीब 20 लाख मीट्रिक टन लीगेसी कचरे के निस्तारण के दूसरे चरण का काम तेजी से चल रहा है। कमिश्नर ने संबंधित ठेकेदारों को निर्देश दिए कि तय समय सीमा के भीतर परियोजनाएं पूरी की जाएं और कार्य में किसी भी प्रकार की देरी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *