बुलंदशहर में देर रात बारिश, आज 46 जिलों में अलर्ट:अगले 5 दिन बेमौसम बरसात की चेतावनी, ओले भी गिरेंगे

यूपी में बेमौसम बारिश जारी है। बुलंदशहर में देर रात तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। तापमान में गिरावट आई। लोगों को ठंड का एहसास हुआ। आज यानी सोमवार को 46 जिलों में बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग के मुताबिक, नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है। इससे आज और कल (31 मार्च) अच्छी बारिश होगी। गरज-चमक के साथ कुछ जगहों पर ओले पड़ने और बिजली गिरने की आशंका है। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। बेमौसम बारिश से फसलों को भारी नुकसान हुआ है। यूपी सरकार के मुताबिक, पिछले 15 दिनों में 15 हजार किसानों की 4300 हेक्टेयर फसलें खराब हुई हैं। इनमें से 244.23 हेक्टेयर फसल ओले गिरने और 4053.11 हेक्टेयर फसल भारी बारिश की वजह से खराब हुई। अब तक 10,278 किसानों को मुआवजा मिल चुका है। बाकियों को दिया जा रहा है। सीएम योगी ने अफसरों को फील्ड में उतरकर नुकसान का आंकलन करने के निर्देश दिए हैं। पिछले 24 घंटे में झांसी सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 38.6°C रिकॉर्ड किया गया। बिजनौर सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 15.6°C दर्ज हुआ। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने कहा – प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखने लगा है। उत्तरी पश्चिमी भाग में तापमान में गिरावट शुरू हो गई है। आज और कल पूरे प्रदेश में बेमौसम बारिश होगी। 1 अप्रैल को मौसम साफ रहेगा। इसके बाद 2 अप्रैल से फिर से बारिश का दौर शुरू होगा। 4 अप्रैल तक ओले पड़ सकते हैं। आंधी चलेगी। तापमान में 3-5°C की गिरावट आएगी। मौसम की तस्वीरें- बारिश से प्रभावित किसानों को साढ़े 4 करोड़ का मुआवजा मिला
यूपी सरकार के मुताबिक, ओलों से प्रभावित 286 किसानों को अब तक ₹13.34 लाख की राहत राशि दी जा चुकी है। वहीं, भारी बारिश से प्रभावित 9,992 किसानों को ₹4.47 करोड़ का मुआवजा दिया जा चुका है। बाकी प्रभावितों के नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। उन्हें जल्द ही राहत मुहैया कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *