कानपुर देहात में बेकाबू वैन तालाब में पलट गई। कार में सवार एक ही परिवार के 4 लोगों की डूबकर मौत हो गई। मरने वालों में बुजुर्ग पति-पत्नी, बेटी और 1 साल का नाती शामिल हैं। परिवार कानपुर शहर के कल्याणपुर में आवास विकास का रहने वाला था। औरैया में तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने गया था। शुक्रवार देर शाम परिवार औरैया से लौट रहा था। तभी रास्ते में कार बेकाबू होकर तालाब में गिर गई। पुलिस ने गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से लोगों को तालाब से बाहर निकाला। सभी को तत्काल सीएचसी भेजा, जहां डॉक्टरों ने मासूम समेत चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया है। घटना जिला मुख्यालय से 40 किलोमीटर दूर बैरी शिवली थाना क्षेत्र के सवाई गांव के पास की है। हादसे की तस्वीरें देखिए… पूरा मामला विस्तार से समझ लीजिए… कानपुर शहर के कल्याणपुर स्थित आवास विकास के रहने वाले राजकिशोर अग्निहोत्री (60) की सास की मौत 13 दिन पहले हुई थी। राजकिशोर और परिवार के 11 लोग वैन से औरैया में साहयल गांव तेरहवीं में गए थे। सभी शुक्रवार शाम वापस कल्याणपुर घर लौट रहे थे। इसी दौरान कानपुर देहात के शिवली कोतवाली क्षेत्र के बैरी सवाई गांव के पास वैन बेकाबू होकर तालाब में गिर गई। धीरे-धीरे गहरे पानी में चली गई। कार के डोर लॉक हो गए। लोग अंदर छटपटाते रहे। चीख पुकार सुनकर वहां से गुजर रहे लोग मदद को पहुंचे। शिवली थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार सिंह ने जेसीबी मंगवाकर कार को बाहर निकलवाया। स्थानीय गोताखोरों की मदद से कार के दरवाजे तोड़कर 10 में से 8 लोग बाहर निकाले गए। चालक राजकुमार समेत दो लोग लापता थे। पुलिस ने सभी को शिवली सीएचसी भिजवाया। जहां 4 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों में राजकिशोर, उनकी पत्नी स्नेहलता अग्निहोत्री (55), बेटी हिमानी उर्फ राखी (30) और राखी का एक साल का बेटा शिव की मौत हुई है। कृतिका अग्निहोत्री (30), सुधा वाजपेयी (45), वाणी अग्निहोत्री (3), कान्हा (4) और सुधांशु अग्निहोत्री (24) का इलाज जारी है। सभी को कानपुर के हैलेट रेफर कर दिया गया है। एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने बताया- शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। चार की जान गई है। मृतकों के परिजन कानपुर से घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं। कार चालक राजकुमार घटना के बाद से लापता है और उसकी तलाश जारी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। ———————— ये खबर भी पढ़िए- गंगा बैराज के पास ट्रक ने 2 दोस्तों को कुचला..मौत:रोजा रखे थे, इफ्तार के बाद स्कूटी से निकले; कहा था- तारावीह पढ़कर आता हूं कानपुर में तेज रफ्तार कंक्रीट मिक्चर ट्रक ने स्कूटी सवार दो दोस्तों को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौत हो गई। दोनों रोजा रखे थे, रोजा इफ्तार के बाद स्कूटी से तरावीह पढ़ने की बात कहकर घर से निकले थे। इस दौरान नवाबगंज में गंगा बैराज को जाने वाली सड़क पर सेठ मोतीलाल खेड़िया स्कूल के पास कंक्रीट मिक्चर ट्रक ने कुचल दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी ड्राइवर गाड़ी लेकर भाग गया। पढ़ें पूरी खबर…