महाशिवरात्रि के अवसर पर बेतिया में आज ऐतिहासिक सागर पोखरा शिव मंदिर से निकलने वाली प्रसिद्ध शिव बारात को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इस वर्ष लगभग दो लाख श्रद्धालुओं के शामिल होने का अनुमान है। बेतिया की शिव बारात अपनी भव्यता और परंपरा के लिए पूरे बिहार में खास पहचान रखती है, इसी वजह से शहर को ‘शिवरात्रि सिटी’ भी कहा जाता है। इस बार सागर पोखरा का मुख्य प्रवेश द्वार तिरुपति-बालाजी की भव्य थीम पर सजाया गया है, जो श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आकर्षण बना हुआ है। नेपाल, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और झारखंड सहित कई राज्यों और पड़ोसी देशों से बड़ी संख्या में शिवभक्त आज बेतिया पहुंच रहे हैं। शहर में रोशनी, सजावट और कलात्मक संरचनाओं से उत्सव का माहौल बन गया है। सुबह 4 बजे से 8 बजे तक अभिषेक होगा
मंदिर के पुजारी पंडित आचार्य प्रवेश कुमार मिश्रा के अनुसार, आज सुबह 4 बजे से 8 बजे तक अभिषेक होगा। सुबह 5 बजे से शिव तांडव स्तोत्र का पाठ शुरू होकर शाम 5 बजे तक निरंतर चलेगा। दोपहर 2 बजे से पुनः अभिषेक शुरू होगा, जिसके बाद मां का श्रृंगार किया जाएगा। इसके बाद शाम 7 बजे से भव्य शिव बारात निकाली जाएगी। सागर पोखरा शिव मंदिर में इस वर्ष 13 वर्षों बाद विशेष पूजा-अर्चना भी हो रही है, जिससे शहर में खास उत्साह है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और अन्य प्रबंधन को लेकर प्रशासन और आयोजन समिति पूरी तरह सतर्क है।