बेतिया में सिलेंडर ब्लास्ट,ठेला के आसपास खड़े 10 लोग झुलसे:खाना बनाने के दौरान हादसा, चश्मदीद बोले- पहले से लीक हो रही थी गैस

बेतिया में सिलेंडर ब्लास्ट में 10 लोग गंभीर रूप से झुलसे हैं। शुक्रवार दोपहर 12 बजे खाना बनाने के दौरान एक ठेले पर अचानक सिलेंडर में धमाका हुआ। ब्लास्ट के दौरान आसपास मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को लौरिया स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। घटना जिले के लौरिया क्षेत्र के बाजार की है। फिलहाल, धमाके की वजह से लगी आग पर करीब आधे घंटे बाद काबू पा लिया गया है। चश्मदीद बोले- ऐसा लगा बम फटा हो चश्मदीदों ने बताया, एक ठेले वाले के यहां सुबह से ही सिलेंडर में हल्की-हल्की गैस लीकेज की शिकायत थी, लेकिन भीड़ और काम के दबाव में किसी ने इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। दोपहर तक सिलेंडर गर्म हो चुका था और अचानक तेज आवाज के साथ फट पड़ा। धमाका इतना तेज था कि कुछ दुकानदारों को लगा कि पास में कोई बम फट गया हो। सिलेंडर फटने के दौरान ठेले के आसपास लगभग 12–15 लोग खड़े थे। इनमें से 10 लोग सीधे आग की चपेट में आ गए। लोगों के कपड़ों में आग लग गई और कुछ लोग बुरी तरह जलकर जमीन पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने दौड़कर बुझाई आग जैसे ही धमाका हुआ, आसपास के लोग डर से भागने लगे, लेकिन कुछ युवकों ने हिम्मत दिखाते हुए पानी की बोतलें और बाल्टी में भरा पानी लेकर झुलसे हुए लोगों की मदद की। उनके शरीर में लगी आग बुझाने की कोशिश की। घटना के तुरंत बाद लोगों ने एम्बुलेंस को कॉल किया, लेकिन गंभीर स्थिति को देखते हुए कई घायलों को लोगों ने ऑटो और बाइक से खुद ही लौरिया स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों की टीम ने तुरंत इलाज शुरू कर दिया है। डॉक्टर बोले- कई घायलों की हालत गंभीर लौरिया स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर ने बताया, 10 घायलों में से कई की हालत चिंताजनक है। घायलों के शरीर का बड़ा हिस्सा जला हुआ है। किसी के हाथ-पैर, तो किसी का चेहरा और सीना गंभीर रूप से झुलस गया है। प्राथमिक इलाज के बाद कुछ मरीजों को बेतिया के GMCH रेफर किया गया है। ठेले का मालिक भी झुलसा ठेला चलाने वाला भी हादसे में गंभीर रूप से झुलस गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि वह पिछले कई सालों से इसी ठेला पर खाना बनाकर परिवार चलाता था। घटना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और सिलेंडर के मलबे को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। गैस लीकेज की आशंका प्रारंभिक जांच में गैस लीकेज की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सिलेंडर लंबे समय से खराब हालत में था और उससे गैस रिसने की शिकायत पहले भी हो चुकी थी। पुलिस ने आसपास मौजूद चश्मदीदों और दुकानदारों से पूछताछ की है। मलबे को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *