गया जिले की बेलागंज थाना पुलिस ने पोक्सो एक्ट के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी थाना क्षेत्र के नेउरी गांव से की गई। थाना प्रभारी मनोज कुमार पांडे ने गुरुवार को बताया कि नेउरी गांव निवासी सन्नी कुमार को पुलिस ने छापेमारी कर पकड़ा। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे दबोचा गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि वे ऐसे संवेदनशील मामलों में पुलिस का सहयोग करें, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके।