बेसहारा पशु पकड़ने गई टीम पर तलवारों से हमला:सिरसा में जमीन पर गिराकर बेरहमी से पीटा; ठेकेदार के 3 कारिंदे घायल

सिरसा शहर में बेसहारा पशुओं का मुद्दा अब न केवल राहगीरों बल्कि ड्यूटी कर रहे कर्मचारियों के लिए भी जानलेवा साबित हो रहा है। शनिवार को कंगनपुर रोड पर पशु पकड़ने गई टीम पर कुछ शरारती तत्वों ने तलवारों से हमला कर दिया। हमलावरों ने टीम के सदस्यों को जमीन पर गिराकर बेरहमी से पीटा और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए जानकारी के अनुसार, तीन लोगों को कई जगह चोटें लगी है और तीनों का अस्पताल में इलाज करवाया गया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई है। मामले में पुलिस ने घायल के बयान पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अभी हमलावरों का पता नहीं चल पाया है। इससे पहले भी नगर परिषद की टीम पर पशु पकड़ने जाते वक्त हमला हो चुका है। कई बार टीम झगड़े के डर से पशुओं को पकड़ने से कतराते हैं। परशुराम कॉलोनी में गए थे पुलिस को दी शिकायत में जोगिंद्र सिंह ने बताया कि वह सिरसा के थेहड मोहल्ला, पहलवान वाली गली में रहता है। दोपहर को वह अपने साथी मुनीम और गोला के साथ ठेकेदार विकास के कहने पर कंगनपुर रोड स्थित परशुराम कॉलोनी में बेसहारा गाय को पकड़ने गया था। इसी दौरान पटेल चौक निवासी गोलु उर्फ मवकू गुर्जर, विजय, रानियां रोड निवासी मुकेश, गौशाला मोहल्ला निवासी सुरजी और कुंडली निवासी कुछ अन्य लोग वहां पहुंचे और आते ही हमला कर दिया। तलवार से वार कर दी धमकी जोगिंद्र सिंह ने बताया कि हमलावरों ने उसे पकड़कर नीचे गिरा दिया और थप्पड़ मारने के बाद तलवार से वार किया। उसके साथ मौजूद मुनीम और गोला को भी चोटें आईं। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें छुड़ाया। जाते समय हमलावरों ने जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। घायल जोगिंद्र सिंह को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद उसने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी पुलिस ने घायल के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी ने बताया कि हमलावरों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने कहा कि नगर परिषद की टीम की सुरक्षा के लिए भी अतिरिक्त कदम उठाए जाएंगे ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *