मोहाली के खरड़ में बॉयफ्रेंड के घर मे युवती की लाश पंखे से लटकी मिली। वह करीब डेढ़ साल से रिलेशन में थी और जालंधर से बॉयफ्रेंड के पास आई हुई थी। रविवार को युवती का शव जालंधर पहुंचा, तो परिजनों ने आरोपी युवक पर कार्रवाई की मांग की। युवती के भाई ने कहा कि इस मामले में आरोपी युवराज का हाथ है। दोनों के बीच संबंधों में कुछ अनबन हुई, जिससे आरोपी ने उसे इस कदर मजबूर किया कि उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। मृतका की पहचान अनामिका के नाम से हुई, जो जालंधर के हरदयाल नगर की रहने वाली थी। हालांकि आरोपी के परिवार ने आरोपों को निराधार बताया है। वहीं पुलिस ने धारा-174 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल अभी इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। 19 मार्च की रात पहुंची, सुबह मिला शव
जानकारी के अनुसार, जालंधर के हरदयाल नगर की रहने वाली युवती और आरोपी युवक युवराज के बीच लंबे समय से जान-पहचान थी और वे एक-दूसरे के काफी करीब थे। परिवार के सदस्यों ने बताया कि 19 मार्च को युवती अपने दोस्त युवराज से मिलने के लिए जालंधर से खरड़ गई थी। बताया जा रहा है कि वह रात करीब 11:30 बजे खरड़ स्थित युवराज के आवास पर पहुंची थी, लेकिन अगले ही दिन यानी 20 मार्च को घर के अंदर पंखे से लटकता हुआ उसका शव बरामद हुआ। मौके पर पहुंची खरड़ पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। युवक ने मरने के लिए मजबूर किया
युवती के भाई का आरोप है कि उसकी मौत के पीछे युवराज का हाथ है। उनका कहना है कि दोनों के बीच संबंधों में कुछ अनबन हुई। युवक ने उसे इस कदर मजबूर किया कि उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। परिवार का मानना है कि यह महज एक सामान्य आत्महत्या नहीं है, बल्कि इसके पीछे गहरी मानसिक प्रताड़ना छिपी हो सकती है। पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल
घटना की सूचना मिलते ही खरड़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आत्महत्या का मामला मानते हुए धारा 174 के तहत कार्रवाई की है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने बिना गहनता से जांच किए इसे सामान्य मामला करार दे दिया। मामले की निष्पक्ष जांच की जाए। युवक की बहन बोली- मेरा भाई बेकसूर
इस मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब आरोपी युवक युवराज की बहन सामने आई। उसने अपने भाई का बचाव करते हुए कहा कि युवराज पूरी तरह निर्दोष है और उस पर लगाए जा रहे आरोप झूठे और मनगढ़ंत हैं। प्रशासन से दोबारा जांच की मांग
पीड़ित परिवार की मांग है कि युवती के फोन कॉल डिटेल्स और घटना से पहले की कड़ियों को जोड़ा जाए। वहीं, पुलिस प्रशासन का कहना है कि उन्होंने फिलहाल उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यदि परिवार की ओर से कोई नया ठोस सबूत या लिखित शिकायत दी जाती है, तो मामले की जांच पर पुनर्विचार किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।