बोचहां में 70 लाख की अवैध शराब जब्त:प्याज लदे ट्रक और तीन पिकअब से पुलिस ने किया बरामद

मुजफ्फरपुर जिले के बोचहां प्रखंड अंतर्गत गरहां थाना क्षेत्र के पटियाशा गांव में पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। थाना प्रभारी अभिषेक कुमार वर्मा के नेतृत्व में की गई छापेमारी में 535 कार्टन विदेशी शराब बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत लगभग 70 लाख रुपये बताई जा रही है, जिसकी कुल मात्रा 4798 लीटर 80 एमएल है। यह कार्रवाई मद्य निषेध पटना इकाई से मिली सूचना के आधार पर की गई। थाना प्रभारी के अनुसार, विदेशी शराब मध्य प्रदेश से लाई गई थी और इसे प्याज की बोरियों के बीच छिपाकर रखा गया था। पुलिस को सूचना मिली कि एक ट्रक पर लदी शराब को तीन पिकअप वैन में लोड किया जा रहा था। सब इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार की सूचना पर पुलिस गश्ती दल ने घेराबंदी कर छापेमारी की। हालांकि, इस दौरान शराब तस्कर और वाहन चालक मौके से फरार होने में सफल रहे। इस मामले में आधे दर्जन नामजद शराब तस्करों, जब्त वाहनों के चालकों और वाहन मालिकों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है। पुलिस फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी कर रही है। बताया जा रहा है कि होली पर्व के मद्देनजर तस्करों ने यह शराब मध्य प्रदेश से मंगवाई थी। थाना प्रभारी अभिषेक कुमार वर्मा ने पुष्टि की है कि एक प्याज लदे ट्रक और तीन पिकअप वैन से शराब बरामद हुई है और आगे की जांच व कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *