बोचहा में अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत:दो घायल, अस्तपाल में भर्ती; मैकेनिक का काम करता था

मुजफ्फरपुर जिले के बोचहाँ प्रखंड में गरहाँ और अहियापुर थाना क्षेत्र की सीमा पर एक अज्ञात वाहन की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना गुरुवार देर शाम हुई। मृतक की पहचान अहियापुर थाना क्षेत्र के सिपाहपुर गांव निवासी बाइक मैकेनिक मोहम्मद रुस्तम उर्फ मोहम्मद शमशाद अंसारी के रूप में हुई है। घायलों में मोहम्मद चांद और मोहम्मद इमरान शामिल हैं, जिन्हें इलाज के लिए एसकेएमसीएच अस्पताल भेजा गया है। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भी भेजा गया है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए एक घंटे तक सड़क जाम कर यातायात बाधित कर दिया। ग्रामीण मृतक के परिजनों के लिए मुआवजे और दोषी वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। पुलिस ने स्थानीय मुखिया और अन्य ग्रामीणों के सहयोग से लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एसकेएमसीएच अस्पताल भेजा जा सका। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा, सिटी एसपी और एसडीओ-2 की पहल पर स्थिति को नियंत्रित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि घटनाक्रम की जांच और कार्रवाई की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *