बोचहॉ में मेधावी सम्मान समारोह:बीडीओ ने छात्रा कामिनी कुमारी को लैपटॉप देकर किया सम्मानित

मुजफ्फरपुर जिले के बोचहाँ प्रखंड स्थित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय घरभारा में सोमवार को प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मेधावी छात्रा कामिनी कुमारी को लैपटॉप और सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। बोचहाँ की प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सह शिक्षा पदाधिकारी प्रिया कुमारी ने कार्यक्रम को संबोधित किया। बीडीओ प्रिया कुमारी ने कहा कि प्रतिभा का सम्मान करना स्वयं सम्मान पाने के बराबर है। यह छात्र-छात्राओं में छिपी जिज्ञासा को प्रोत्साहित करता है और उनमें नई ऊर्जा भरता है। उन्होंने अपनी प्रशासनिक सेवा का जिक्र करते हुए कहा कि अगर वह प्रशासनिक अधिकारी न होतीं, तो उनकी दिली इच्छा एक शिक्षक बनने की थी, ताकि वह बच्चों में शिक्षा की अलख जगा सकें। कामिनी कुमारी के साथ-साथ विद्यालय के द्वितीय टॉपर गौरव कुमार, रूपम कुमारी, आभया खातून और अमन कुमार को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मधुसूदन शर्मा, अरविंद कुमार अनल, मुजफ्फर चांद, महेश कुमार, संगीता कुमारी, चन्द्रभूषण कुमार सिंह, विजय कुमार शर्मा सहित विद्यालय के शिक्षक, छात्र और अभिभावक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *