भोजपुर में अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग को सफलता मिली है। जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया के निर्देश पर लगातार जारी छापेमारी और वाहन जांच के क्रम में विभाग ने एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है। सहायक आयुक्त मद्यनिषेध रजनीश को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश की ओर से एक पिकअप गाड़ी के जरिए शराब की बड़ी खेप भोजपुर लाई जा रही है। सूचना के आधार पर निरीक्षक प्रकाश चंद्र के नेतृत्व में टीम गठित कर बक्सर-पटना फोरलेन पर आरा मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के दौलतपुर ओवरब्रिज के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान संदिग्ध बोलेरो पिकअप को रोका गया। कुल 1176 पीस शराब जब्त की जांच के दौरान गाड़ी में भूसे के बोरे के अंदर छिपाकर रखी गई विदेशी शराब की खेप बरामद हुई। जब्त शराब में 8PM स्पेशल व्हिस्की, आफ्टर डार्क ब्लू रेयर ग्रेन व्हिस्की और किंगफिशर एक्स्ट्रा स्ट्रॉन्ग बीयर शामिल है। कुल 1176 पीस शराब जब्त की गई, जिसकी मात्रा करीब 372.960 लीटर आंकी गई है। बरामद शराब की बाजार कीमत लगभग पांच लाख रुपये बताई जा रही है। इस दौरान गाड़ी का ड्राइवर गुण सागर, निवासी अहिरौली, जिला बक्सर को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने वाहन को जब्त करते हुए आरोपी को न्यायिक कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया है। मद्यनिषेध विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब की तस्करी पर पूरी तरह नकेल कसने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। विभाग की इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगा।