जोधपुर से कामाख्या जा रही ट्रेन संख्या 15623 डाउन भगत की कोठी एक्सप्रेस में चोरी हुई थी। जिसका रेल पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर दिया। तकनीकी अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने खुसरूपुर थाना अंतर्गत बांस तल इलाके से दो किशोरों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी का एक मोबाइल फोन और 820 रुपए नकद बरामद किए हैं। हालांकि, इस गिरोह का तीसरा सदस्य फिलहाल पुलिस की पकड़ से बाहर है और उसकी तलाश जारी है।
8 जनवरी को हुई थी घटना, पटना से खुली थी ट्रेन घटना 8 जनवरी को हुई थी, जब ट्रेन पटना से खुली थी। चोरों ने बी-1, बी-6 और ए-2 कोच को निशाना बनाया। गहरी नींद में सो रहे यात्रियों के पर्स, नकदी, जेवरात और मोबाइल चुराने के बाद शातिर चोरों ने फतुहा और खुसरूपुर के बीच हरदास बिगहा स्टेशन के पास चेन पुलिंग की और खेतों के रास्ते फरार हो गए। पीड़ित यात्रियों ने इस सुरक्षा चूक की शिकायत कटिहार रेल थाने में दर्ज कराई थी, जिसे बाद में जांच के लिए फतुहा जीआरपी को स्थानांतरित किया गया। वारदात के बाद रेल पुलिस लगातार सुराग तलाश रही थी, लेकिन चोरों का कोई पता नहीं चल पा रहा था। मामले में मोड़ तब आया जब गिरफ्तार आरोपियों ने चोरी के मोबाइल में अपना सिम कार्ड डालकर उसे ऑन किया। मोबाइल सिग्नल मिलते ही पुलिस ने लोकेशन ट्रैक की और आरपीएफ के सहयोग से खुसरूपुर में छापेमारी कर उन्हें पकड़ लिया। फतुहा पहुंचे रेल डीएसपी भास्कर रंजन ने बताया कि पकड़े गए आरोपी पटना स्टेशन से ही ट्रेन में सवार हुए थे और सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब फरार तीसरे आरोपी की तलाश और शेष गहनों की बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही है।