भाई बाला जी गुरुद्वारा साहिब में ऐतिहासिक जोड़ मेला पूरे श्रद्धा के साथ मनाया

भास्कर न्यूज | लुधियाना पक्खोवाल रोड स्थित भाई बाला जी गुरुद्वारा साहिब में हर साल लगने वाला ऐतिहासिक जोड़ मेला इस बार भी पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में संगत ने गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेका और परंपरा के अनुसार पतंग व हवाई जहाज चढ़ाए। पूरा इलाका रंग-बिरंगी पतंगों से आसमान में छा गया और पक्खोवाल रोड मेले के रूप में तब्दील हो गई।भा ई बाला जी गुरुद्वारा साहिब का यह जोड़ मेला सैकड़ों वर्षों पुरानी परंपरा से जुड़ा हुआ है। मान्यता है कि यहां पतंग या हवाई जहाज चढ़ाने से संतान सुख, पारिवारिक खुशहाली और मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। खास तौर पर वे परिवार, जिनके बच्चे विदेशों में बस गए हैं या जिनकी शादियां विदेशों में हुई हैं, वे संगत इस पवित्र स्थल पर पतंग चढ़ाने के बाद गोद भराई की रस्म निभाते हैं। भाई बाला जी दरबार। इस साल जोड़ मेले में पक्खोवाल रोड पर करीब 100 पतंगों के स्टॉल लगे हुए थे। सुबह से ही बच्चे, युवा और बुजुर्ग पतंगबाजी में जुट गए। मेले में विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू और पार्षद युवराज सिंह सिद्धू भी पहुंचे और संगत के साथ पतंगबाजी की। उन्होंने बताया कि वह हर साल यहां लंगर की सेवा करते हैं और परंपरा अनुसार गुड़ी उठाकर पेच लगाते हैं। मेले के दौरान मेयर प्रिंसिपल इंदरजीत कौर ने भी पहुंचकर लंगर की सेवा की। इसके अलावा भूपिंदर सिंह बसंत, दीपक अरोड़ा सहित कई प्रमुख लोग पतंगबाजी में शामिल हुए। हर ओर सेवा, श्रद्धा और उल्लास का माहौल रहा। भाई बाला जी गुरुद्वारा साहिब का यह जोड़ मेला न सिर्फ धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि लुधियाना की सांस्कृतिक विरासत को भी जीवित रखे हुए है। पीढ़ी दर पीढ़ी चली आ रही यह परंपरा आज भी उतनी ही जीवंत है, जितनी वर्षों पहले थी-जहां आसमान में उड़ती पतंगों के साथ लोगों की आस्थाएं भी ऊंचाइयों को छूती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *