भागलपुर में स्मैक पीने के दौरान बकाया रुपए नहीं देने पर अपराधियों ने एक ऑटो ड्राइवर को गोली मार दी। आनन-फानन में परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। 2 बुलेट पेट में लगी थी। मृतक की पहचान सार्जन कुमार(28) के तौर पर हुई है। घटना नवगछिया थाना क्षेत्र के तेतरी दोनिया टोला काली मंदिर के पास की है। मृतक के छोटे भाई राहुल कुमार ने बताया को सोमवार शाम को भैया के साथ था। करीब 7.30 बजे भाई ने घर जाने के लिए कहा। जाते समय गोली की आवाज सुनाई थी। लौटकर मौके पर पहुंचा तो देखा कि भैया को गोली लगी थी। 2 दिन पहले रची थी साजिश पिता सुभाष राय ने सार्जन ऑटो चलाता था। शाम 6 बजे से बगीचे में था। अपने दोस्तों के साथ बैठकर स्मैक पी रहा था। इस दौरान पैसे को लेकर विवाद हो गया। उसके दोस्तों ने ही गोली मार दी। हत्या की साजिश 2 दिन पहले ही रची थी। मनीष जबरन मेरे बेटे से स्मैक बिकवाता था। उसने ही पीने के आदत लगाई थी। कई बार घर पर चढ़कर गोलीबारी कर चुका है। बेटे को 2 दिन पहले स्मैक के साथ पुलिस ने पकड़ा था। मगर मनीष ने पुलिस को पैसा देकर छुड़वा लिया था। अगर सार्जन जेल चला जाता तो उसकी जान बच जाती। जांच में जुटी जानकारी जानकारी मिलने के बाद नवगछिया एसडीपीओ ओमप्रकाश अनुमंडल अस्पताल पहुंचे। परिजनों से घटना की जानकारी ली। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। बयान के आधार पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग वहीं, नगर परिषद सभापति के प्रतिनिधि प्रेम सागर उर्फ डब्लू यादव भी अस्पताल पहुंचे। मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि युवाओं में स्मैक की लत तेजी से बढ़ रही है। इसी कारण अपराध भी बढ़ रहे हैं। पुलिस को स्मैक कारोबारियों पर सख्ती करनी चाहिए।