भास्कर अपडेट्स:मुंबई के कल्याण रेलवे स्टेशन पर एक व्यक्ति के बिजली के खंभे पर चढ़ने से ट्रेन सेवाएं हुईं प्रभावित

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण स्टेशन पर रविवार को एक व्यक्ति के ओवरहेड उपकरण (ओएचई) के खंभे पर चढ़ने और पटरी पर गिरने के बाद गंभीर रूप से घायल हो जाने के कारण ट्रेन सेवाएं बाधित हो गईं। सेंट्रल रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला ने बताया कि रविवार को दोपहर करीब 2 बजे एक व्यक्ति के ओएचईके खंभे पर चढ़ने के बाद बिजली आपूर्ति बंद करनी पड़ी। इसके चलते दो आउटस्टेशन ट्रेनें और तीन उपनगरीय लोकल ट्रेनें रुक गईं थीं। राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के एक अधिकारी ने बताया कि खंभे पर चढ़ने वाले 35 वर्षीय व्यक्ति को मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। धिकारियों और यात्रियों की बार-बार अपील के बावजूद ओएचई के खंभे पर डटा रहा। इसके बाद वह फिसलकर पटरी पर गिर गया और उसे गंभीर चोटें आईं। आज की अन्य बड़ी खबरें… गुजरात के सूरत में ₹4.54 लाख के गांजे के साथ दो नाबालिग हिरासत में गुजरात के सूरत में पुलिस ने ₹4.54 लाख की कीमत के गांजे के साथ दो नाबालिगों को पकड़ा। दोनों की उम्र 17 साल के करीब है। पुलिस ने बताया कि दोनों को उधना भाठेना इलाके में एल.एन. पार्क सोसाइटी के पास रोका गया था। जांच में इनके पास से 9.8 किलो गांजा बरामद हुआ। दोनों बिहार के रहने वाले हैं। वैष्णो देवी यात्रा दोबारा शुरू, भारी भीड़ के कारण रोकी गई थी; शनिवार को पहुंचे थे 39 हजार श्रद्धालु जम्मू-कश्मीर के रियासी में त्रिकुटा पहाड़ियों पर बने माता वैष्णो देवी मंदिर की तीर्थयात्रा, भारी भीड़ के कारण कुछ समय के लिए रोक दी गई थी, इसे रविवार को फिर से शुरू कर दिया गया। शनिवार को भवन में भारी भीड़ के कारण यात्रा को कुछ समय के लिए रोक दिया था। शनिवार दोपहर तक 39,000 से ज्यादा श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन किए थे। कटरा में यात्रा के लिए पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) आज सुबह फिर से शुरू हो गया है। असम पुलिस कमांडो बटालियन के कैंप पर ग्रेनेड अटैक, दावा- उल्फा उग्रवादियों ने हमला किया, 5 कमांडो घायल असम के तिनसुकिया जिले के जगुन में ULFA(I) के संदिग्ध उग्रवादियों ने शनिवार रात असम पुलिस कमांडो बटालियन के कैंप पर घात लगाकर हमला किया। नॉर्थ ईस्ट की मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कैंप पर रात 2 बजे लगभग 5 RPG दागे गए, साथ ही कई राउंड गोलियां भी चलाई गईं। इस हमले में असम पुलिस के पांच कमांडो घायल हुए हैं। इन्हें इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। यवतमाल में ट्रैवलर में लगी आग, वर्धा से नांदेड़ जा रही थी, सभी 17 यात्री सुरक्षित यवतमाल में वर्धा से नांदेड़ जाते समय एक यात्री वाहन में आग लग गई। हालांकि इसमें सवार सभी 17 यात्री सुरक्षित हैं। इन्हें समय रहते ट्रैवलर से बाहर निकाल लिया गया था। रोहित शेट्टी फायरिंग केस में आगरा से 14वां आरोपी गिरफ्तार मुंबई क्राइम ब्रांच ने यूपी एसटीएफ के साथ मिलकर रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग केस में 14वें आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी प्रदीप शर्मा उर्फ गोलू को आगरा से पकड़ा गया। ये शुभम लोनकर गैंग से जुड़ा है। फरवरी 1-2 की रात जूहू के शेट्टी टावर पर पांच राउंड फायरिंग हुई थी। ​प्रदीप शर्मा फरवरी से फरार था। मुख्य शूटर दीपक शर्मा को बहादुरगढ़ से पकड़ा गया था। हथियार सप्लायर आसाराम फसले भी गिरफ्तार हो चुका है। महाराष्ट्र ज्योतिषी रेप केस में एनसीपी के राज्य प्रमुख तटकरे के इस्तीफे की मांग ज्योतिषी अशोक खरात पर बलात्कार का आरोप लगने के बाद महाराष्ट्र महिला आयोग की प्रमुख रूपाली चकणकर को शुक्रवार को इस्तीफा देना पड़ा। उनपर विपक्ष ने अशोक से तांत्रिक क्रिया कराने का आरोप लगया था। अब एनसीपी के महाराष्ट्र प्रमुख सुनील तटकरे पर भी इस्तीफे का दबाव बढ़ रहा है। ​ पार्टी की नेता संगीता तिवारी ने तटकरे पर आरोप लगाया कि वे चकणकर को बचाते रहे। दोनों को खरात के ‘अनुष्ठानों’ की जानकारी थी। पुणे के एनसीपी बैनर से उनकी तस्वीरें हटाई गईं। तटकरे ने इसे ‘निंदनीय’ कहा लेकिन इस्तीफे से इनकार किया। CJI बोले-AI को न्यायपालिका को मजबूत करना चाहिए, उसकी जगह नहीं लेनी चाहिए CJI जस्टिस सूर्यकांत ने शनिवार को कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को न्यायिक प्रणाली में इस तरह से शामिल किया जाना चाहिए कि यह संस्था को मजबूत करे, न कि उसके मुख्य कार्यों को कमजोर करे। CJI कर्नाटक न्यायिक अकादमी में ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस – विवादों की रोकथाम और समाधान’ विषय पर आयोजित एक दिवसीय सेमिनार का उद्घाटन करने के बाद बोल रहे थे। इस सेमिनार का आयोजन UIA इंडिया चैप्टर, बार एसोसिएशन ऑफ इंडिया और नेशनल लॉ स्कूल ऑफ इंडिया यूनिवर्सिटी के सहयोग से किया गया था। CJI ने कहा- AI को बड़ी मात्रा में डेटा और रिकॉर्ड को संभालने, पैटर्न की पहचान करने और प्रक्रियागत देरी को कम करने में सहायता करनी चाहिए। हालांकि, इसे फैसले सुनाने के मुख्य न्यायिक कार्य में दखल नहीं देना चाहिए। झूठी गिरफ्तारी दिखाकर अपहरण करने वाले एक व्यक्ति को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया पश्चिमी दिल्ली में दो भाइयों की नकली पुलिस गिरफ्तारी का नाटक रचने के आरोप में 48 साल के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। इन भाइयों का अपहरण कर उनसे 40 लाख रुपए नकद और अन्य कीमती सामान लूट लिया गया था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरीश शर्मा उर्फ ​​रिंकू के रूप में हुई है। वह पीड़ित भाइयों को पहले से जानता था, जो गहनों का कारोबार करते हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी का इन भाइयों के साथ पहले भी लेन-देन रहा था और घटना से एक दिन पहले ही उसने इन भाइयों से बेचने के लिए गहने लिए थे। पुलिस के अनुसार, यह घटना 19 मार्च को हुई थी। दोनों भाई सागर शर्मा और माणिक, राजौरी गार्डन के पास किसी से गहनों के पैसे लेने गए थे। मुलाकात के बाद, दो लोग पुलिस अधिकारी बनकर जबरदस्ती उनकी गाड़ी में घुस गए। उन्होंने बंदूक की नोक पर भाइयों को धमकाया और उनका अपहरण कर लिया। सिक्किम के मंगन में 4.1 तीव्रता का भूकंप, कोई हताहत नहीं नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) ने बताया कि शनिवार को सिक्किम के मंगन में 4.1 तीव्रता का भूकंप आया। यह भूकंप रात 8:46 बजे 14 किलोमीटर की कम गहराई पर आया। इससे पहले शनिवार को ही असम के कोकराझार में 2.9 तीव्रता का भूकंप आया, जिसकी गहराई पांच किलोमीटर थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *